#भरतपुर। जिला कलक्टर कमर चौधरी ने गुरुवार को वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से ग्रामीण एवं शहरी सेवा शिविरों की प्रगति की समीक्षा की। शिविरों में कम प्रगति और ढिलाई मिलने पर जिला कलक्टर ने नाराजगी व्यक्त की और सभी विभागों को सरकार की मंशानुरूप मौके पर ही नागरिकों को राहत देने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि सरकार द्वारा दी जा रही छूट और जनकल्याणकारी योजनाओं का अधिक से अधिक प्रचार-प्रसार किया जाए ताकि आमजन की भागीदारी बढ़ सके और पात्र लाभार्थियों को लाभ मिल सके। कलक्टर ने अधिकारियों को पूरी गंभीरता और संवेदनशीलता के साथ कार्य करते हुए प्राप्त परिवादों का गुणवत्तापूर्ण व समयबद्ध निस्तारण सुनिश्चित करने को कहा। उन्होंने राजस्व, पंचायती राज, नगर निकाय, जलदाय और विद्युत सहित सभी संबंधित विभागों को आपसी समन्वय से लंबित प्रकरणों को निपटाने के निर्देश दिए। बैठक में अतिरिक्त जिला कलक्टर प्रशासन घनश्याम शर्मा, अतिरिक्त जिला कलक्टर शहर राहुल सैनी, नगर निगम आयुक्त श्रवण विश्नोई और जिला परिषद की एसीईओ रेखारानी सहित विभिन्न विभागों के जिला स्तरीय अधिकारी व उपखंड अधिकारी उपस्थित रहे।