*राज्य स्तरीय हैंडबॉल प्रतियोगिता का शानदार समापन, अंडर-17 में एकलव्य दरभंगा और अंडर-19 में मगध प्रमंडल बना चैंपियन*
*विजेता एवं उपविजेता टीमों को ट्रॉफी, मेडल और प्रशस्ति पत्र देकर किया गया सम्मानित*
*“जीत हमें गर्व करना और हार आगे बढ़ने की प्रेरणा देती है” : जिला खेल पदाधिकारी चंदन कुमार*
दरभंगा, 14 अक्टूबर 2026:-
खेल विभाग, बिहार सरकार, बिहार राज्य खेल प्राधिकरण, पटना एवं जिला प्रशासन, दरभंगा के संयुक्त तत्वावधान में नेहरू स्टेडियम, लहेरियासराय में आयोजित राज्य स्तरीय अंतर प्रमंडलीय विद्यालय खेल प्रतियोगिता 2026-27 के अंतर्गत चार दिवसीय राज्य स्तरीय हैंडबॉल प्रतियोगिता का बुधवार को शानदार समापन हुआ। अंतिम दिन अंडर-17 एवं अंडर-19 बालक वर्ग के फाइनल मुकाबलों में खिलाड़ियों ने उत्कृष्ट प्रदर्शन किया।
*अंडर-17 में एकलव्य दरभंगा और अंडर-19 में मगध प्रमंडल ने जीता खिताब*
अंडर-17 बालक वर्ग के फाइनल मुकाबले में एकलव्य दरभंगा की टीम ने मगध प्रमंडल को 19-12 गोल से पराजित कर चैंपियन बनने का गौरव हासिल किया। वहीं, अंडर-19 बालक वर्ग के फाइनल मुकाबले में मगध प्रमंडल ने पटना प्रमंडल को 13-9 गोल से हराकर खिताब अपने नाम किया।
फाइनल मुकाबलों से पूर्व जिला खेल पदाधिकारी श्री चंदन कुमार ने दोनों टीमों के खिलाड़ियों से परिचय प्राप्त कर उनका उत्साहवर्धन किया। उन्होंने खिलाड़ियों को अनुशासन, मेहनत और खेल भावना के साथ प्रदर्शन करने के लिए प्रेरित किया।
*विजेता एवं उपविजेता टीमों को किया गया सम्मानित*
प्रतियोगिता के समापन पर आयोजित पुरस्कार वितरण समारोह में जिला खेल पदाधिकारी श्री चंदन कुमार, जिला खेल संघ के सचिव श्री जितेंद्र कुमार सिंह एवं दरभंगा जिला हैंडबॉल संघ के सचिव श्री रविंद्र कुमार सिंह ने विजेता एवं उपविजेता टीमों को ट्रॉफी, मेडल और प्रशस्ति पत्र प्रदान कर सम्मानित किया।
खेलों के प्रति उत्कृष्ट योगदान के लिए दरभंगा जिला हैंडबॉल संघ के सचिव श्री रविंद्र कुमार सिंह को भी मोमेंटो देकर सम्मानित किया गया।
*बिहार राज्य खेल प्राधिकरण के 10 ऑफिशियल सम्मानित*
प्रतियोगिता के सफल संचालन में महत्वपूर्ण भूमिका निभाने वाले बिहार राज्य खेल प्राधिकरण के 10 ऑफिशियल को जिला प्रशासन, दरभंगा की ओर से मोमेंटो एवं प्रशस्ति पत्र प्रदान कर सम्मानित किया गया। सम्मानित होने वालों में एकलव्य कोच सिवान श्री शाहिद हुसैन, एकलव्य कोच दरभंगा श्री अमित कुमार जायसवाल, श्री श्याम सुंदर, श्री अमन कुमार, श्री संतोष कुमार वर्मा, श्री आनंद कुमार, श्री अखिलेश कुमार, सुश्री खुशबू कुमारी, सुश्री तनु कुमारी एवं सुश्री सुमन कुमारी शामिल रहे।
*प्रतिनियुक्त शिक्षक-शिक्षिकाओं को प्रशस्ति पत्र*
प्रतियोगिता के सफल आयोजन एवं संचालन में सराहनीय योगदान देने वाले प्रतिनियुक्त शिक्षक-शिक्षिकाओं को जिला खेल पदाधिकारी श्री चंदन कुमार ने प्रशस्ति पत्र देकर सम्मानित किया। इनमें श्री कुमार अनुराग, श्री राजेश कुमार, श्री देवनंदन झा, सुश्री कात्यायनी दुबे, श्री राकेश कुमार, सुश्री ज्योति कुमारी, सुश्री सोनी कुमारी, श्री हरे कृष्ण एवं श्री राजन पासवान सहित अन्य शिक्षक-शिक्षिकाएं शामिल रहे।
*उत्कृष्ट मंच संचालन एवं खेल कमेंट्री के लिए केशव कुमार चौधरी सम्मानित*
उत्क्रमित उच्च माध्यमिक विद्यालय, हेडक्वार्टर, बिरौल के शिक्षक श्री केशव कुमार चौधरी ने पूरी प्रतियोगिता के दौरान मंच संचालन एवं खेल कमेंट्री की जिम्मेदारी निभाई। उनके उत्कृष्ट मंच संचालन एवं प्रभावशाली खेल कमेंट्री के लिए जिला खेल पदाधिकारी श्री चंदन कुमार ने उन्हें मोमेंटो एवं प्रशस्ति पत्र प्रदान कर सम्मानित किया।
*खिलाड़ियों की स्वास्थ्य सुरक्षा के लिए रही चिकित्सा टीम की तैनाती*
प्रतियोगिता के दौरान खिलाड़ियों की स्वास्थ्य सुरक्षा एवं त्वरित चिकित्सा सहायता के लिए डॉ. बृजेश कुमार, डॉ. बैद्यनाथ प्रसाद, श्री राजेंद्र कुमार, एएनएम श्रीमती रानी कुमारी एवं श्रीमती प्रियंका कुमारी उपस्थित रहीं।
प्रतियोगिता के समापन के बाद सभी खिलाड़ी अपने-अपने जिलों के लिए रवाना हुए। जिला खेल पदाधिकारी श्री चंदन कुमार ने संपूर्ण व्यवस्था का जायजा लेते हुए खिलाड़ियों को सकुशल उनके जिलों के लिए विदा किया।
#BiharSarkar
#CMBihar
#SamratChoudhary
#CMSamrat
#MukhyamantriBihar
7 views | Darbhanga, Bihar | Oct 14, 2026