खिरोई नदी में नहाने के दौरान 14 वर्षीय किशोर डूबा, दो घंटे से अधिक समय से तलाश जारी
बेनीपट्टी (मधुबनी) : बेनीपट्टी प्रखंड क्षेत्र के विशनपुर पंचायत स्थित मकिया गांव से गुजरने वाली खिरोई नदी में शनिवार दोपहर नहाने के दौरान एक 14 वर्षीय किशोर नदी में डूबकर लापता हो गया। घटना के बाद पूरे इलाके में अफरा-तफरी मच गई और बड़ी संख्या में ग्रामीण नदी किनारे जुट गए।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, दोपहर करीब 1:30 बजे गांव के दो बच्चे खिरोई नदी में नहाने गए थे। इसी दौरान दोनों गहरे पानी में चले गए और डूबने लगे। इनमें से एक बच्चा किसी तरह बाहर निकल आया और शोर मचाकर ग्रामीणों को घटना की जानकारी दी।
सूचना मिलते ही ग्रामीण मौके पर पहुंचे और अपने स्तर पर नदी में किशोर की तलाश शुरू कर दी। हालांकि दो घंटे से अधिक समय बीत जाने के बावजूद लापता किशोर का कोई सुराग नहीं मिल सका है।
घटना में बचाए गए दूसरे बच्चे को उपचार के लिए पुपरी के सरकारी अस्पताल भेजा गया है, जहां उसका इलाज चल रहा है।
लापता किशोर की पहचान अब्दुल मजीद के 14 वर्षीय पुत्र दुलारे के रूप में हुई है।
घटना की सूचना मिलते ही डायल-112 पुलिस टीम मौके पर पहुंच गई। वहीं, विशनपुर पंचायत के मुखिया मोहम्मद आलम भी घटनास्थल पर मौजूद हैं। प्रशासन द्वारा एसडीआरएफ (SDRF) टीम को सूचना दे दी गई है और उसके पहुंचने का इंतजार किया जा रहा है। फिलहाल ग्रामीण और पुलिस संयुक्त रूप से किशोर की तलाश में जुटे हुए हैं।