बेनीपट्टी में चलती स्कूल वैन में लगी आग, धू-धूकर जलकर हुआ राख़
बेनीपट्टी प्रखंड क्षेत्र के लोरिका गांव के पास गुरुवार को एक चलती स्कूल वैन भीषण आग की चपेट में आ गई। घटना में वाहन पूरी तरह जलकर नष्ट हो गया है। हालांकि, चालक के अलावा वैन में कोई और सवार नहीं था, जिससे एक बड़ा हादसा टल गया।
जानकारी के अनुसार, वैन बच्चों को छोड़कर खाली लौट रही थी। चालक को जब धुआं दिखाई दिया, तो उसने आनन-फानन में वाहन रोककर अपनी जान बचाई। ग्रामीण मौके पर पहुंचे और आग बुझाने का प्रयास किया, लेकिन आग इतनी तीव्र थी कि गाड़ी पूरी तरह खाक हो गई। मौके पर दमकल की गाड़ी भी पहुंची, लेकिन तब तक नुकसान हो चुका था।
इधर इस घटना ने निजी स्कूलों में इस्तेमाल होने वाले वाहनों की खराब स्थिति, फिटनेस से होने वाले संभावित हादसों के प्रति स्कूल प्रबंधन को पुनः सचेत होने का अवसर दिया है। अक्सर देखा जाता है निजी स्कूल जर्जर वाहनों से भी बच्चों का आवागमन करवाते हैं, जो कि बच्चों की सुरक्षा के लिहाज से खतरनाक है।