युवाओं को रोजगार देने के साथ स्वरोजगार के अवसर भी पैदा करें उद्योग : त्रिलोक जमवाल
त्रिलोक जमवाल बोले नई तकनीक और आधुनिक सुविधाओं से सुसज्जित सोरेंटो वाहन प्रेमियों के लिए बेहतरीन विकल्प
चांदपुर स्थित सूर्य किया शोरूम में किया मोटर्स की नई किया सोरेंटो का अनावरण सदर विधायक त्रिलोक जमवाल ने किया। इस अवसर पर विधायक ने नई गाड़ी के शुभारंभ पर सूर्य किया शोरूम की पूरी टीम और किया मोटर्स को शुभकामनाएं दीं।
विधायक त्रिलोक जमवाल ने कहा कि युवाओं को रोजगार के अवसर उपलब्ध करवाने के साथ-साथ उद्योगों और व्यापारिक संस्थानों को युवाओं के लिए स्वरोजगार के नए अवसर पैदा करने पर भी जोर देना चाहिए। उन्होंने कहा कि आज का युवा केवल नौकरी की तलाश में नहीं रहना चाहता, बल्कि अपनी प्रतिभा और हुनर के दम पर अपना व्यवसाय शुरू करने और दूसरों को रोजगार देने की क्षमता भी रखता है। ऐसे में नए उद्योगों, स्टार्टअप और स्वरोजगार की संभावनाओं को बढ़ावा देना समय की जरूरत है।
उन्होंने कहा कि युवा नए स्टार्टअप शुरू कर आत्मनिर्भर बनें और रोजगार मांगने वाले के बजाय रोजगार देने वाले बनें। इसके लिए आधुनिक तकनीक, नए व्यवसायिक अवसर और उद्योग जगत का सहयोग युवाओं को मिलना जरूरी है।
नई किया सोरेंटो के अनावरण पर विधायक ने कहा कि नई तकनीक, आकर्षक डिजाइन, बेहतर सुरक्षा और आधुनिक सुविधाओं से लैस यह वाहन वाहन प्रेमियों के लिए एक बेहतरीन विकल्प है। उन्होंने कहा कि इस तरह के आधुनिक उत्पादों के प्रदेश में आने से ऑटोमोबाइल क्षेत्र में भी रोजगार और व्यवसाय की संभावनाएं बढ़ती हैं।
किया सोरेंटो को भारत में 4 सितंबर 2026 को लॉन्च किया गया है। यह छह और सात सीटों के विकल्प में उपलब्ध है तथा इसमें टर्बो-पेट्रोल मजबूत हाइब्रिड और डीजल इंजन के विकल्प दिए गए हैं। इसकी शुरुआती एक्स-शोरूम कीमत 27.99 लाख रुपये है।
सूर्य किया शोरूम के बिक्री प्रमुख वेद नेगी ने बताया कि नई किया सोरेंटो आधुनिक तकनीक और प्रीमियम सुविधाओं से सुसज्जित है। उन्होंने ग्राहकों को नई गाड़ी के बारे में जानकारी दी।
इस अवसर पर सूर्य किया शोरूम के मेजबान नवीन वात्स्यायन, बिक्री प्रमुख वेद नेगी सहित शोरूम का स्टाफ और अन्य लोग मौजूद रहे।
Dharmpur, Mandi | Sep 10, 2026