“अब समस्या लेकर भटकना नहीं…
एक कॉल पर दर्ज होगी शिकायत, टोकन नंबर से मिलेगा समाधान का अपडेट”
जनता की समस्याओं को सीधे सुनने और उनके समाधान की प्रक्रिया को आसान एवं पारदर्शी बनाने के उद्देश्य से हरियाणा सरकार में कैबिनेट मंत्री एवं फरीदाबाद विधानसभा क्षेत्र के विधायक विपुल गोयल ने रविवार को ‘जनसंवाद हेल्पलाइन’ का शुभारंभ किया। सेक्टर-16 स्थित सागर सिनेमा में आयोजित कार्यक्रम में उन्होंने 77800 77100 हेल्पलाइन नंबर जनता को समर्पित किया।
इस हेल्पलाइन के जरिए फरीदाबाद विधानसभा के नागरिक बिजली, सड़क, पानी, जलभराव, सफाई सहित अन्य नागरिक सुविधाओं से जुड़ी समस्याएं दर्ज करा सकेंगे। शिकायत दर्ज कराने के दौरान नागरिकों को अपना वार्ड नंबर और मकान नंबर बताना होगा।
शिकायत दर्ज होने के बाद शिकायतकर्ता के व्हाट्सऐप पर टोकन नंबर भेजा जाएगा। इसी टोकन नंबर के माध्यम से नागरिक अपनी शिकायत पर हुई कार्रवाई और उसकी प्रगति की जानकारी प्राप्त कर सकेंगे। इससे लोगों को शिकायत की स्थिति जानने के लिए बार-बार कार्यालयों के चक्कर नहीं लगाने पड़ेंगे।
इस मौके पर कैबिनेट मंत्री विपुल गोयल ने कहा कि “आपकी समस्या, हमारी जिम्मेदारी” केवल नारा नहीं बल्कि उनकी प्रतिबद्धता है। उन्होंने कहा कि कोशिश रहेगी कि शिकायत केवल दर्ज होकर न रह जाए, बल्कि उसके समाधान तक उसकी लगातार निगरानी की जाए।
उन्होंने फरीदाबाद विधानसभा के लोगों से अपील की कि वे 77800 77100 नंबर अपने मोबाइल में सुरक्षित रखें और क्षेत्र की किसी भी समस्या, शिकायत या उपयोगी सुझाव के लिए हेल्पलाइन पर संपर्क करें।
कार्यक्रम में पार्षद सचिन शर्मा, प्रियंका बिष्ट बुधानी, कुलदीप साहनी, ज्योति सिलानी, रूमा अजीत नंबरदार सहित स्थानीय जनप्रतिनिधि, भाजपा पदाधिकारी, कार्यकर्ता और बड़ी संख्या में फरीदाबाद विधानसभा क्षेत्र के नागरिक मौजूद रहे।
Panipat, Panipat | Aug 23, 2026