ऋषिकेश में विदेशी नागरिक का उत्पात, व्यापारियों और स्थानीय लोगों में आक्रोश।
तीर्थनगरी ऋषिकेश के मुख्य बाजार और आसपास के इलाकों में इन दिनों एक विदेशी नागरिक की संदिग्ध और आपत्तिजनक हरकतें स्थानीय निवासियों व व्यापारियों के लिए बड़ी परेशानी का सबब बनी हुई हैं। ताजा मामला मुख्य बाजार क्षेत्र का है, जहाँ इस विदेशी युवक पर सरेआम अभद्र व्यवहार करने, राहगीरों को परेशान करने और दुकानदारों से उलझने के गंभीर आरोप लगे हैं।
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, विदेशी नागरिक की गतिविधियाँ बेहद असामान्य नजर आ रही हैं। स्थानीय लोगों का मानना है कि वह या तो अत्यधिक नशे की हालत में रहता है या फिर उसकी मानसिक स्थिति ठीक नहीं है। मुख्य बाजार में उसने न केवल अश्लील इशारे किए, बल्कि फल-सब्जी के ठेलों से जबरन सामान भी उठा लिया। जब दुकानदारों और स्थानीय नागरिकों ने इसका विरोध किया, तो वह आक्रामक हो गया और लोगों को धमकाने लगा।
गौरतलब है कि कुछ दिन पूर्व भी इसी विदेशी नागरिक को बैराज क्षेत्र में हुड़दंग मचाते हुए देखा गया था। उस समय सूचना मिलने पर पुलिस ने उसे हिरासत में लेकर कार्रवाई की थी। हालांकि, अब वह एक बार फिर मुख्य बाजार क्षेत्र में सक्रिय हो गया है और लगातार ऐसी ही हरकतों को अंजाम दे रहा है। व्यापारियों और स्थानीय लोगों ने पुलिस प्रशासन से इस मामले में सख्त और स्थायी कार्रवाई की मांग की है, ताकि बाजार में शांति और सुरक्षा व्यवस्था बनी रहे।