देहरादून प्रेमनगर थाना क्षेत्र स्थित जामुनवाला के जंगल में एक अज्ञात महिला का शव बरामद होने से इलाके में सनसनी फैल गई है। महिला के चेहरे और गले पर गहरे घाव के निशान मिले हैं, जिससे प्रथम दृष्टया यह हत्या का मामला प्रतीत हो रहा है। पुलिस को आशंका है कि महिला की हत्या किसी अन्य स्थान पर की गई और सबूत मिटाने के उद्देश्य से शव को यहां लाकर फेंका गया।
शाम करीब छह बजे मिली सूचना
पुलिस से प्राप्त जानकारी के अनुसार, 18 नवंबर 2026 की शाम लगभग छह बजे प्रेमनगर पुलिस को जंगल में कूड़े के ढेर के पास एक महिला का शव पड़े होने की सूचना मिली। सूचना मिलते ही पुलिस बल तत्काल मौके पर पहुंचा और क्षेत्र को घेराबंदी कर सुरक्षित किया। घटना की गंभीरता को देखते हुए मौके पर फॉरेंसिक (FSL) टीम को बुलाया गया, जिसने घटनास्थल से महत्वपूर्ण वैज्ञानिक साक्ष्य जुटाए।
सोशल मीडिया और सीसीटीवी के जरिए सुराग तलाश रही पुलिस
फिलहाल मृतका की शिनाख्त नहीं हो सकी है। पहचान सुनिश्चित करने के लिए पुलिस ने महिला की तस्वीर और उसके हाथ पर बने टैटू की फोटो सोशल मीडिया पर साझा की है। इसके अतिरिक्त, जांच के दौरान घटनास्थल के आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज में एक संदिग्ध कार दिखाई दी है। पुलिस ने मामले के त्वरित अनावरण के लिए अलग-अलग टीमें गठित कर संदिग्ध वाहन और आरोपियों की तलाश तेज कर दी है।