विभागीय राज्य स्तरीय कराते प्रतियोगिता संपन्न, 22 खिलाड़ियों ने जीते गोल्ड और सिल्वर मेडल
===========================
शासकीय उत्कृष्ट विद्यालय जुन्नारदेव में जनजातीय कार्य विभाग की विभागीय राज्य स्तरीय 17 वर्ष आयु वर्ग की कराते प्रतियोगिता का आयोजन 31 अक्टूबर एवं 01 नवंबर को किया गया। प्रतियोगिता में मध्यप्रदेश के सभी जिलों को चार क्षेत्रों पूर्व, पश्चिम, मध्य एवं दक्षिण में विभाजित कर क्षेत्रीय टीमों का गठन किया गया। इसके पश्चात राज्य स्तरीय प्रतियोगिता आयोजित की गई, जिसमें खिलाड़ियों ने उत्कृष्ट खेल कौशल का प्रदर्शन किया।
यह प्रतियोगिता सहायक आयुक्त जनजातीय कार्य विभाग छिंदवाड़ा के श्री सत्येंद्र सिंह मरकाम के निर्देशन एवं जिला क्रीड़ा प्रभारी श्री अनुरोध शर्मा के मार्गदर्शन में संपन्न हुई। प्रतियोगिता में छात्र-छात्राओं ने विभिन्न भार वर्गों में उत्साहपूर्वक भाग लिया।
22 खिलाड़ियों ने जीते गोल्ड और सिल्वर मेडल - जनजातीय कार्य विभाग की 17 वर्षीय कराते स्पर्धा में विभिन्न भार वर्गों की प्रतियोगिताएं आयोजित की गईं। कुल 22 भार वर्गों में खिलाड़ियों ने गोल्ड एवं सिल्वर मेडल प्राप्त किए। गोल्ड मेडल जीतने वाले सभी 22 खिलाड़ियों का चयन आगामी शालेय राज्य स्तरीय प्रतियोगिता के लिए किया गया है, जिसका आयोजन इंदौर में 02 से 05 नवंबर तक किया जाएगा।
छिंदवाड़ा एवं दक्षिण क्षेत्र के खिलाड़ियों का रहा उत्कृष्ट प्रदर्शन - प्रतियोगिता में चयनित खिलाड़ी इंदौर में आयोजित होने वाली शालेय राज्य स्तरीय प्रतियोगिता में सहभागिता करेंगे। प्रतियोगिता के निर्णायक एवं संचालन की जिम्मेदारी श्री एस.आर. दुपारे, श्री ओमकार महोबे, श्री घनश्याम, श्री अशोक यदुवंशी व सोनम, नेहा, रोशनी एवं शशि इवनाती ने निभाई।
मुख्य अतिथि ने विजेता खिलाड़ियों को प्रदान किए मेडल - प्रतियोगिता के समापन अवसर पर मुख्य अतिथि एवं नगर पालिका परिषद जुन्नारदेव की सभापति श्रीमती कांता दीप्ति साहू ने प्रथम एवं द्वितीय स्थान प्राप्त करने वाले खिलाड़ियों को गोल्ड एवं सिल्वर मेडल प्रदान किए। साथ ही चारों क्षेत्रों से आए जनरल मैनेजर को स्मृति चिह्न भेंट कर सम्मानित किया गया। इस अवसर पर खिलाड़ियों का उत्साहवर्धन करने के लिए जुन्नारदेव के वरिष्ठ पत्रकार श्री मोहम्मद ताहिर खान भी उपस्थित रहे।
प्रतियोगिता के सफल आयोजन एवं संचालन में जनजातीय कार्य विभाग छिंदवाड़ा के व्यायाम शिक्षकों श्री धनंजय चौरसिया, श्री अनुराग शर्मा, श्रीमती पूर्वी कुमरे, श्री राजीव गौतम, श्री रूपेश विश्वकर्मा, श्री संजय बामने, सुश्री विभा तारान, श्री संजीव गौतम, सुश्री स्वाति चौरसिया, श्रीमती लक्ष्मी डेहरिया एवं श्री राजेश सोनी ने सहयोग प्रदान किया। प्रतियोगिता के अंत में जनजातीय कार्य विभाग छिंदवाड़ा द्वारा चारों क्षेत्रों से आए खिलाड़ियों को सहभागिता प्रमाण पत्र वितरित किए गए। प्रतियोगिता में शामिल खिलाड़ियों एवं उनके प्रशिक्षकों ने आयोजन की व्यवस्थाओं पर संतुष्टि व्यक्त की।
#procwa #छिन्दवाड़ा
#JansamparkMP
Jansampark Madhya Pradesh
Chhindwara, Madhya Pradesh | Nov 2, 2026