हॉर्न बजाने पर ट्रक चालक को घेरकर पीटा, 50 हजार रुपये छीनने का आरोप
बाइक सवार युवकों से साइड को लेकर हुआ विवाद, जमापुर के पास ट्रक रोककर मारपीट का आरोप; सीसीटीवी फुटेज से खुलेगा राज
संवाददाता राजेपुर
राजेपुर। थाना क्षेत्र में ट्रक से हॉर्न बजाने को लेकर हुए विवाद ने गंभीर रूप ले लिया। ट्रक चालक ने कुछ बाइक सवार युवकों पर पीछा कर ट्रक को घेरने, उसे नीचे उतारकर लाठी-डंडों से मारपीट करने और जेब में रखे करीब 50 हजार रुपये निकालकर फरार होने का आरोप लगाया है। घायल चालक को डॉ. राममनोहर लोहिया अस्पताल में भर्ती कराया गया है।
ग्राम दरायपुर निवासी आखेंद्र सिंह पुत्र प्रताप सिंह के मुताबिक वह अपने ट्रक से मिर्जापुर से फर्रुखाबाद जा रहे थे। राजेपुर के पास सड़क किनारे छह-सात युवक मोटरसाइकिलों के साथ खड़े थे। रास्ते से निकलने के दौरान चालक ने हॉर्न बजाया तो युवकों ने गाली-गलौज शुरू कर दी।
आरोप है कि विरोध करने पर युवक मारपीट पर आमादा हो गए। चालक ट्रक लेकर आगे निकल गया, लेकिन बाइक सवारों ने उसका पीछा किया। जमापुर के पास बंद पड़े पेट्रोल पंप के पास आरोपियों ने ट्रक को घेर लिया। चालक को ट्रक से नीचे उतारकर लाठी-डंडों से मारपीट की गई। पीड़ित का आरोप है कि इसी दौरान उसकी जेब से करीब 50 हजार रुपये निकाल लिए गए।
पीड़ित ने बताया कि घटना के समय आसपास के दुकानदार मौजूद थे और दुकानों पर लगे सीसीटीवी कैमरों में घटना कैद होने की संभावना है। उसने पुलिस से सीसीटीवी फुटेज की जांच कर आरोपियों के खिलाफ कार्रवाई की मांग की है।
वहीं थाना अध्यक्ष राजीव पांडे ने बताया कि मामले की शिकायत मिली है। प्रारंभिक जांच में साइड देने को लेकर ट्रक चालक और बाइक सवारों के बीच विवाद और मारपीट की बात सामने आई है। रुपये छीनने के आरोप की अभी पुष्टि नहीं हुई है। पुलिस मामले की जांच कर रही है।
#राजेपुर #ट्रकचालक #मारपीट #पचासहजार #सीसीटीवी #पुलिसजांच #फर्रुखाबाद #अपराध #जनपदफर्रुखाबाद