कोडरमा पुलिस का ‘ऑपरेशन ऑल आउट-3’ सफल, एक रात में 38 वारंटी और फरार अभियुक्त गिरफ्तार
कोडरमा:
कोडरमा पुलिस ने अपराधियों और फरार वारंटियों के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए ‘ऑपरेशन ऑल आउट-3’ चलाया। पुलिस अधीक्षक के निर्देशन और निगरानी में जिले के सभी थाना क्षेत्रों में एक साथ छापेमारी की गई, जिसमें कुल 38 वारंटी एवं फरार अभियुक्तों को गिरफ्तार किया गया। गिरफ्तार आरोपियों में 20 वर्षों से फरार वारंटी बंधु मेहता (नावाडीह, डोमचांच) तथा 14 वर्षों से फरार सुरेश सिंह और अशोक सिंह (जोड़ासीमर, डोमचांच) भी शामिल हैं। इनकी गिरफ्तारी को पुलिस की बड़ी सफलता माना जा रहा है।
थानावार कार्रवाई में मरकच्चो और डोमचांच थाना से 7-7, चंदवारा से 5, तिलैया डैम ओपी से 5, कोडरमा व नवलशाही से 4-4, तिलैया से 3, सतगावां से 2 तथा जयनगर से 1 अभियुक्त गिरफ्तार किए गए। पुलिस अधीक्षक ने कहा कि जिले में अपराध और अपराधियों के खिलाफ इस तरह के अभियान लगातार जारी रहेंगे। उन्होंने स्पष्ट चेतावनी दी कि अपराधियों के लिए कोडरमा में कोई जगह नहीं है। जो भी कानून तोड़ेगा, उसे हर हाल में गिरफ्तार कर सलाखों के पीछे भेजा जाएगा। साथ ही उन्होंने आम लोगों को भरोसा दिलाया कि जिले में शांति, सुरक्षा और भयमुक्त वातावरण बनाए रखने के लिए कोडरमा पुलिस पूरी तरह प्रतिबद्ध है।