चलती ट्रेन में घायल यात्री को आरपीएफ ने पहुंचाया अस्पताल, समय पर इलाज से मिली राहत
कोडरमा: रेलवे सुरक्षा बल ने मिशन सेवा के तहत मानवता और तत्परता का परिचय देते हुए चलती ट्रेन में घायल हुए एक यात्री को समय पर चिकित्सीय सहायता उपलब्ध कराई। शनिवार को गाड़ी संख्या 12875 अप पुरी–आनंद विहार एक्सप्रेस के जनरल कोच में यात्रा कर रहे एक युवक के पैर में गंभीर चोट लगने की सूचना मिलने पर कोडरमा स्टेशन पर आरपीएफ जवान तत्काल सक्रिय हुए।
ट्रेन के कोडरमा पहुंचते ही आरक्षी धनशेखर कुमार एवं प्रधान आरक्षी विमल कुमार गुप्ता ने घायल यात्री को प्राथमिक सहायता दी तथा स्टेशन मास्टर, रेलवे अस्पताल और 108 एंबुलेंस सेवा को सूचना दी। रेलवे चिकित्सक की सलाह पर घायल को एंबुलेंस से सदर अस्पताल, कोडरमा भेजा गया, जहां उसका प्राथमिक उपचार किया गया।
घायल की पहचान लालू कुमार (25 वर्ष), पिता वीरेंद्र सिंह, निवासी खेतलपुर, थाना संझौली, जिला रोहतास (बिहार) के रूप में हुई। उन्होंने बताया कि बोकारो स्टील सिटी से अनुग्रह नारायण रोड की यात्रा के दौरान परसाबाद स्टेशन के पास जनरल कोच के दरवाजे के समीप बैठे होने के दौरान उनका पैर प्लेटफॉर्म से टकरा गया, जिससे वे घायल हो गए। सूचना मिलने पर उनके पिता भी सदर अस्पताल पहुंचे। चिकित्सकों ने बेहतर इलाज के लिए रेफर करने की सलाह दी, जिसके बाद परिजन उन्हें अपने साथ आगे के उपचार के लिए ले गए।