संतकबीरनगर में सनसनीखेज वारदात: बभनी चौराहे पर युवक की गला रेतकर हत्या, आरोपी की गिरफ्तारी और एनकाउंटर की मांग पर अड़े परिजन
संतकबीरनगर जिले के बखिरा थाना क्षेत्र स्थित बभनी चौराहे पर गुरुवार को उस समय सनसनी फैल गई, जब एक युवक की धारदार हथियार से गला रेतकर हत्या कर दी गई। मृतक की पहचान आनंद गौतम पुत्र इंद्रेश के रूप में के रूप में हुई है। घटना के बाद पूरे इलाके में तनाव का माहौल बन गया और बड़ी संख्या में लोग मौके पर जुट गए।
मिली जानकारी के अनुसार, हत्या का आरोप नासिर अली ग्राम कुसमा नामक युवक पर लगाया जा रहा है। हालांकि, हत्या के पीछे की असली वजह क्या है, इसे लेकर अभी भी स्थिति पूरी तरह स्पष्ट नहीं हो सकी है और पुलिस मामले की गहन जांच में जुटी हुई है।
घटना की सूचना मिलते ही पुलिस अधीक्षक संदीप कुमार मीणा स्वयं मौके पर पहुंचे। इसके साथ ही क्षेत्र में शांति व्यवस्था बनाए रखने के लिए तीन थानों की पुलिस फोर्स भी तैनात कर दी गई।
पुलिस अधिकारियों ने घटनास्थल का निरीक्षण कर आवश्यक साक्ष्य जुटाए और लोगों से संयम बनाए रखने की अपील की।