टाउन हॉल शेखपुरा में जिला स्तरीय पंच सम्मेलन आयोजित, 'विकसित भारत - VB-G RAM G' योजना का हुआ विधिवत शुभारंभ।
ग्रामीण विकास विभाग, बिहार पटना के दिशा-निर्देशानुसार टाउन हॉल शेखपुरा में जिला स्तरीय पंच सम्मेलन का आयोजन किया गया। इस कार्यक्रम का मुख्य उद्देश्य 'विकसित भारत - रोजगार और आजीविका के लिए गारंटी मिशन, ग्रामीण (VB-G RAM G) योजना 2026' के सफल, पारदर्शी और समयबद्ध क्रियान्वयन की रूपरेखा तैयार करना था। श्री शेखर आनंद, जिला पदाधिकारी महोदय को पौधा देकर स्वागत किया गया। कार्यक्रम का विधिवत् शुभारंभ मुख्य अतिथि जिला पदाधिकारी श्री शेखर आनंद, उप विकास आयुक्त, जिला पंचायत राज पदाधिकारी तथा जिला विकास पदाधिकारी सह जिला जनसंपर्क पदाधिकारी द्वारा संयुक्त रूप से दीप प्रज्ज्वलित कर किया गया। इस अवसर पर सभी वरिष्ठ पदाधिकारियों को पौधे भेंट कर सम्मानित किया गया और पर्यावरण संरक्षण का संदेश दिया गया।
जिला पदाधिकारी महोदय ने संबोधित करते कहा कि "VB-G RAM G योजना ग्रामीण भारत और हमारे जिलों के विकास के लिए अत्यंत कारगर और दूरगामी योजना है। इसमें रोजगार के दिनों को 100 दिन से बढ़ाकर 125 दिन का गारंटीकृत रोजगार कर दिया गया है। यह योजना ग्रामीण परिवारों को आर्थिक संबल प्रदान करने के साथ-साथ गांवों में स्थायी एवं उच्च गुणवत्तापूर्ण परिसंपत्तियों का निर्माण करेगी।" उन्होंने कहा कि सम्मेलन के दौरान अधिकारियों एवं जनप्रतिनिधियों को योजना के तकनीकी अंतरों और नए नियमों से अवगत कराया गया जाएगा। पहले 100 दिनों का रोजगार मिलता था, जिसे अब बढ़ाकर 125 दिन कर दिया गया है। विराम अवधि कृषि के चरम मौसम के दौरान 60 दिनों की अधिसूचित विराम अवधि का प्रावधान रखा गया है।
उप विकास आयुक्त महोदय ने कहा कि इस योजना को मुख्य रूप से 4 प्राथमिकता श्रेणियों में बांटा गया है — जल सुरक्षा, ग्रामीण अवसंरचना, आजीविका विकास, और जलवायु लचीलापन है। समृद्ध संपन्न एवं स्वावलंबी पंचायत के लिए, विकसित ग्राम पंचायत योजना, अधिनियम के प्रभावी क्रियान्वयन में ग्राम पंचायत प्रधानों की भूमिका, प्रखंडवार ग्राम प्रधान, मुखिया द्वारा प्रस्तुति कार्यक्रम और संभावनाएं सार संक्षेप और सुझाव आदि है। योजनाओं का चयन पी०एम० गति शक्ति पोर्टल और 'राष्ट्रीय ग्रामीण अवसंरचना स्टैक' के साथ अभिसरण करके किया जाएगा, जिससे योजनाओं के दोहराव की संभावना समाप्त होगी। प्रत्येक माह के अंतिम रविवार को सभी पंचायतों में 'पंचायत विकास दिवस' आयोजित कर विकसित ग्राम पंचायत योजना में सेचुरेशन मोड पर योजनाओं का चयन किया जाएगा।
इस अवसर पर उप विकास आयुक्त,
जिला पंचायत राज पदाधिकारी,
निदेशक, DRDA
जिला विकास पदाधिकारी सह जिला जनसंपर्क पदाधिकारी
DRDA लेखा पदाधिकारी,
मनरेगा कार्यक्रम पदाधिकारी,
आवास सहायक एवं प्रखंड स्तरीय कर्मी
विभिन्न पंचायतों के जिला परिषद् सदस्य, प्रमुख, मुखिया जी, पंचायत समिति सदस्यगण एवं जनप्रतिनिधि
कार्यक्रम के अंत में सभी जनप्रतिनिधियों से अपील की गई कि वे अपने-अपने पंचायतों में प्राथमिकता के आधार पर योजनाओं का चयन कर समयबद्ध तरीके से धरातल पर उतारना सुनिश्चित करें।
Sheikhpura, Sheikhpura | Aug 6, 2026