जगन्नाथ रथ यात्रा को लेकर गया में 3 बजे से बिजली रहेगी बाधित, रूट लाइटिंग के लिए विभाग ने जारी की एडवाइजरी
गया। भगवान जगन्नाथ की रथ यात्रा के सफल एवं सुरक्षित आयोजन को लेकर दक्षिण बिहार पावर डिस्ट्रीब्यूशन कंपनी लिमिटेड (SBPDCL) के गया अर्बन विद्युत प्रमंडल ने विशेष व्यवस्था की है। बिजली विभाग के गया अर्बन कार्यपालक विद्युत अभियंता (ईईई) ने बुधवार देर रात जानकारी देते हुए बताया कि 16 जुलाई 2026 को दोपहर 3:00 बजे से रथ यात्रा की समाप्ति तक निर्धारित मार्गों पर बिजली आपूर्ति अस्थायी रूप से बाधित रहेगी। यह निर्णय रथ यात्रा के दौरान रूट लाइटिंग, सुरक्षा व्यवस्था तथा किसी भी प्रकार की विद्युत दुर्घटना से बचाव को ध्यान में रखते हुए लिया गया है।
विभाग के अनुसार, इस दौरान रथ यात्रा जिन-जिन मार्गों से होकर गुजरेगी, उन सभी क्षेत्रों में एहतियातन बिजली आपूर्ति बंद रखी जाएगी। यात्रा समाप्त होने के बाद संबंधित क्षेत्रों में बिजली आपूर्ति पूर्ववत बहाल कर दी जाएगी।
जारी सूचना के मुताबिक, पहला रथ दोपहर 3 बजे ISKCON मंदिर से निकलेगा। इसका मार्ग गेवाल विगहा, महारानी बस स्टैंड, कारगिल मोड़, सिविल लाइंस, जी.बी. रोड, गोल पत्थर, टेकरी रोड एवं राजराजेश्वरी रोड होते हुए पुनः इस्कॉन मंदिर तक रहेगा। वहीं दूसरा रथ गौड़ीय मठ से निकलेगा, जो जी.बी. रोड, पिरसिंडूर चौक, रमना रोड, टावर चौक, धामी टोला, टेकरी रोड, गोल पत्थर (राम मंदिर) होते हुए वापस गौड़ीय मठ पहुंचेगा।
इसके अलावा श्री जगन्नाथ मंदिर, बोधगया से निकलने वाली रथ यात्रा महाबोधि गोलंबर, माया सरोवर, मुख्य बाजार मार्ग, बजरंग मोड़, टीका बिगहा, पड़ढ़ी राजापुर, महावीर मंदिर, राजापुर तथा सुजाता पुल के समीप तटीय मार्ग से होकर पुनः बोधगया मठ पहुंचेगी। इन सभी मार्गों पर भी यात्रा के दौरान बिजली आपूर्ति बाधित रहेगी।
बिजली विभाग ने मोहल्ले वासियों से अपील की है कि वे निर्धारित समय से पहले मोबाइल, इनवर्टर एवं अन्य आवश्यक उपकरण चार्ज कर लें तथा बिजली कटौती को लेकर सहयोग करें। विभाग का कहना है कि रथ यात्रा संपन्न होते ही चरणबद्ध तरीके से बिजली आपूर्ति सामान्य कर दी जाएगी। यात्रियों और श्रद्धालुओं की सुरक्षा को सर्वोच्च प्राथमिकता देते हुए यह व्यवस्था की गई है।
#gaya
#गया_हो
#GayaPolice
#गयाजी
#gayadastak
#GayaNews
#EEE
#लाइटकटिंग