स्वास्थ्य संस्थाओं के निरीक्षण में सेवाओं की गुणवत्ता सुनिश्चित करने के निर्देश
बीएमओ एवं बीपीएम ने किया स्वास्थ्य संस्थाओं का संयुक्त निरीक्षण
स्वास्थ्य सेवाओं की गुणवत्ता में सुधार एवं स्वास्थ्य संस्थाओं की कार्यप्रणाली को सुदृढ़ बनाने के उद्देश्य से बीएमओ डॉ. सुमित सिंगौर एवं बीपीएम आदित्य पटैल द्वारा मोहनिया पटपरा एवं सलैया सिंगारपुर स्थित स्वास्थ्य संस्थाओं का संयुक्त भ्रमण कर व्यवस्थाओं का निरीक्षण किया गया।
निरीक्षण के दौरान मातृ स्वास्थ्य सेवाओं, गर्भवती महिलाओं की एएनसी जांच, आवश्यक दवाइयों एवं उपकरणों की उपलब्धता, अभिलेखों के संधारण, स्वच्छता तथा टीकाकरण व्यवस्था की समीक्षा की गई। अधिकारियों ने गर्भवती महिलाओं की नियमित स्वास्थ्य जांच, उच्च जोखिम वाली गर्भवती महिलाओं की सतत निगरानी तथा टीकाकरण सत्रों में समय पर वैक्सीन की उपलब्धता सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।
बीएमओ डॉ. सिंगौर ने स्वास्थ्य संस्थाओं में स्वच्छता बनाए रखने, निर्धारित व्यवस्थाओं के अनुरूप कार्य संपादित करने तथा मरीजों को बेहतर स्वास्थ्य सुविधाएं उपलब्ध कराने पर जोर दिया। वहीं, बीपीएम श्री पटैल ने स्वास्थ्य कार्यक्रमों की नियमित मॉनिटरिंग एवं अभिलेखों का अद्यतन संधारण सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।
स्वास्थ्य विभाग द्वारा जिले में स्वास्थ्य सेवाओं की सतत निगरानी एवं संस्थागत व्यवस्थाओं में सुधार के माध्यम से आमजन को सुलभ, बेहतर एवं गुणवत्तापूर्ण स्वास्थ्य सेवाएं उपलब्ध कराने के प्रयास किए जा रहे हैं।
Jansampark Madhya Pradesh
CM Madhya Pradesh
#mandla
Directorate of Health Services, Madhya Pradesh
22 views | Mandla, Madhya Pradesh | Oct 13, 2026