समर्पण की दिशा निर्धारित करती है आत्मा का उत्थान अथवा पतन : साध्वी वंशिका भारती जी
जगाधरी, हनुमान गेट स्थित दिव्य ज्योति जाग्रति संस्थान आश्रम में साप्ताहिक सत्संग एवं भजन संकीर्तन कार्यक्रम का आयोजन किया गया। इस अवसर पर परम पूजनीय दिव्य गुरु आशुतोष महाराज जी की शिष्या साध्वी सुश्री वंशिका भारती जी ने अपने आध्यात्मिक विचारों के माध्यम से मानवीय मन की भावनाओं का सुंदर वर्णन करते हुए कहा कि परमात्मा ने मनुष्य को एक संवेदनशील हृदय प्रदान किया है, जिसमें समय-समय पर अनेक भावनाओं का उदय होता है। प्रेम, करुणा, दया, श्रद्धा और विश्वास जैसी भावनाएँ मनुष्य के जीवन को सुंदरता प्रदान करती हैं। इन्हीं भावनाओं में सर्वश्रेष्ठ भावना है समर्पण। साध्वी जी ने समर्पण के वास्तविक अर्थ को स्पष्ट करते हुए कहा कि समर्पण केवल किसी के प्रति अपने प्रेम या श्रद्धा को प्रकट करना ही नहीं है, अपितु स्वयं के अहंकार, इच्छाओं, अभिमान और कर्तापन का त्याग करके स्वयं को पूर्ण रूप से किसी उच्चतर सत्ता के प्रति अर्पित कर देना है। वास्तविक समर्पण वह अवस्था है, जहाँ व्यक्ति अपनी व्यक्तिगत इच्छाओं से ऊपर उठकर अपने आराध्य की इच्छा को सर्वोपरि स्वीकार करता है। इसमें कोई शर्त, अपेक्षा अथवा स्वार्थ नहीं होता, केवल अटूट विश्वास और निष्ठा होती है। उन्होंने कहा कि संसार में मनुष्य अनेक व्यक्तियों, वस्तुओं और संबंधों के प्रति अपना सर्वस्व समर्पित कर देता है। वह जिन संबंधों को अपना समझता है, उनके लिए अपना समय, भावनाएँ और जीवन तक न्योछावर कर देता है किन्तु हमें यह समझना होगा कि संसार परिवर्तनशील और नश्वर है। यहां प्रत्येक संबंध, वस्तु और परिस्थिति समय के अधीन है। जो आज हमारे साथ है, वह कल हमसे दूर हो सकता है। इसलिए नश्वर संसार के प्रति किया गया समर्पण अंततः मनुष्य को निराशा, दुख व बंधनों में ही उलझा देता है। संसार में प्रेम करना गलत नहीं है, किन्तु संसार को ही अपना अंतिम लक्ष्य मान लेना अज्ञानता है। साध्वी जी ने गुरु के प्रति समर्पण की महत्ता पर प्रकाश डालते हुए कहा कि सद्गुरु के चरणों में किया गया समर्पण ही मनुष्य के जीवन को वास्तविक दिशा प्रदान करता है। गुरु केवल एक व्यक्ति नहीं, अपितु वह दिव्य माध्यम हैं, जो जीवात्मा को परमात्मा से जोड़ने का मार्ग प्रशस्त करते हैं। अपने मन की चंचलता, अहंकार और सीमित सोच को त्यागकर उनके द्वारा दिखाए गए ब्रह्मज्ञान के मार्ग को जीवन में धारण करना ही सच्चा समर्पण है। जब शिष्य अपने गुरु के प्रति पूर्ण विश्वास और निष्ठा रखता है, तब उसके जीवन में आंतरिक परिवर्तन की प्रक्रिया प्रारंभ होती है। उन्होंने आगे कहा कि जब एक जीवात्मा सद्गुरु की कृपा से परमात्मा के चरणों में पूर्ण रूप से समर्पित हो जाती है, तब उसके जीवन का वास्तविक उद्देश्य पूर्ण होने लगता है। ऐसा समर्पण जीव को सांसारिक मोह-माया और जन्म-मरण के बंधनों से मुक्त होने का मार्ग दिखाता है। अतः जो समर्पण नश्वर संसार के प्रति किया जाता है, वह अंततः बंधन का कारण बन सकता है, जबकि गुरु के माध्यम से परमात्मा के चरणों में किया गया समर्पण आत्मा की मुक्ति का आधार बनता है। अंत में साध्वी जी ने प्रेरित करते हुए कहा कि जीवन में केवल समर्पण की बातें करना पर्याप्त नहीं है, अपितु अपने व्यवहार, विचारों और कर्मों में समर्पण को उतारना आवश्यक है। सच्चा शिष्य वही है, जो गुरु की आज्ञा को अपने जीवन का मार्गदर्शन बनाकर आध्यात्मिक पथ पर आगे बढ़ता है। जब मनुष्य का अहंकार समाप्त होता है, तभी उसके भीतर वास्तविक प्रेम, शांति और भक्ति का उदय होता है। विश्व शांति की प्रार्थना हेतु सामूहिक ध्यान-साधना के साथ कार्यक्रम का समापन किया गया।
Ambala, Ambala | Nov 29, 2026