24 अक्टूबर को होगा जिला स्तरीय रेड क्रॉस मेला
ईट राइट मेले का भी होगा संयुक्त आयोजन, रक्तदान शिविर रहेगा विशेष आकर्षण
चंबा, 5 अक्तूबर।
उपायुक्त एवं जिला रेड क्रॉस सोसायटी के अध्यक्ष मुकेश रेपसवाल ने बताया कि जिला स्तरीय रेड क्रॉस मेले का आयोजन 24 अक्तूबर को किया जाएगा। इस बार मेले के साथ ईट राइट मेले का भी संयुक्त रूप से आयोजन होगा।
मेले का उद्देश्य जनसेवा और सामाजिक सहभागिता के साथ आमजन को स्वास्थ्य, स्वच्छता, पौष्टिक आहार एवं सुरक्षित खाद्य पदार्थों के प्रति जागरूक करना है।
उपायुक्त ने यह जानकारी बचत भवन चंबा में मेले की तैयारियों को लेकर आयोजित बैठक की अध्यक्षता करते हुए दी।
विभिन्न संस्थाओं की लगेगी प्रदर्शनी
मेले में सरकारी विभागों, बैंकों, विद्युत परियोजनाओं, शिक्षण संस्थानों, स्वयं सहायता समूहों तथा निजी संस्थाओं की ओर से विभिन्न गतिविधियों और उत्पादों पर आधारित प्रदर्शनियां एवं स्टॉल लगाए जाएंगे। सरकारी और निजी विद्यालयों के विद्यार्थी भी स्टॉल लगाकर मेले में भागीदारी करेंगे।
स्टॉलों पर खान-पान की सामग्री के साथ विभिन्न खेलकूद एवं मनोरंजक गतिविधियां भी आयोजित की जाएंगी।
उपायुक्त ने उपनिदेशक उच्च शिक्षा को विद्यार्थियों की अधिक से अधिक भागीदारी सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। उन्होंने मेले में स्थानीय व्यंजनों एवं पौष्टिक आहार को विशेष रूप से बढ़ावा देने पर भी जोर दिया।
पत्तलों के उपयोग और स्वच्छता पर जोर
मेले के दौरान प्लास्टिक की प्लेटों के स्थान पर पत्तलों के इस्तेमाल को बढ़ावा देने तथा आयोजन स्थल पर बेहतर स्वच्छता व्यवस्था बनाए रखने के निर्देश दिए गए। साथ ही जिले के सभी बाल देखभाल केंद्रों के बच्चों की सहभागिता सुनिश्चित करने को कहा गया।
उपायुक्त ने कहा कि विभिन्न गतिविधियों के माध्यम से बच्चों और आमजन को रेड क्रॉस के मानवीय सरोकारों, स्वास्थ्य, स्वच्छता, पौष्टिक आहार और सामाजिक सेवा के प्रति जागरूक किया जाएगा।
मेले में होगा रक्तदान शिविर
जिला स्तरीय रेड क्रॉस मेले के दौरान रक्तदान शिविर का भी आयोजन किया जाएगा। उपायुक्त ने सभी संबंधित विभागों को आपसी समन्वय के साथ तैयारियां समयबद्ध तरीके से पूरी करने के निर्देश दिए।
बैठक की कार्यवाही का संचालन सहायक आयुक्त मनमोहन सिंह ने किया।
बैठक में अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक दिनेश शर्मा, एसडीएम चिराग शर्मा, उपनिदेशक उच्च शिक्षा विद्यास महाजन, मुख्य चिकित्सा अधिकारी जालम सिंह भारद्वाज सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी, विद्यालयों के प्रधानाचार्य तथा अन्य संबंधित प्रतिनिधि उपस्थित रहे।
TRIBAL LIVE NEWS
सच के साथ, निडर, निष्पक्ष और बेखौफ, हमेशा आपके साथ
Chamba, Chamba | Oct 5, 2026