देवास। शहर के ग्रीन वैली, न्यू देवास क्षेत्र में गौवंशों में रेबीज जैसे संदिग्ध लक्षण सामने आने से स्थानीय नागरिकों में चिंता का माहौल है। जानकारी के अनुसार D-Mart के पीछे स्थित क्षेत्र में कई गौवंशों में मुंह से अत्यधिक लार या झाग निकलना, असामान्य बेचैनी, आक्रामक व्यवहार और लोगों की ओर हमला करने के लिए दौड़ने जैसे लक्षण देखे गए हैं।
स्थानीय नागरिकों के अनुसार क्षेत्र में अब तक करीब 6 से 7 गौवंशों की मौत हो चुकी है। हालांकि, इन मौतों और पशुओं में दिखाई दे रहे लक्षणों का कारण रेबीज ही है या कोई अन्य बीमारी, इसकी आधिकारिक पुष्टि अभी नहीं हुई है।
स्थानीय लोगों का कहना है कि मामले की जानकारी संबंधित विभागों को दी गई है, लेकिन स्थिति को देखते हुए तत्काल पशु चिकित्सा टीम भेजकर संदिग्ध गौवंशों की जांच कराने की आवश्यकता है।
रेबीज एक गंभीर बीमारी है और संक्रमित पशु की लार के संपर्क में आने से मनुष्यों में संक्रमण का खतरा हो सकता है। ऐसे में प्रशासन से क्षेत्र में तत्काल निगरानी बढ़ाने, संदिग्ध पशुओं को सुरक्षित रूप से अलग करने, पशुओं की जांच एवं आवश्यक टीकाकरण कराने तथा मृत गौवंशों की वैज्ञानिक जांच कराने की मांग की जा रही है।
साथ ही नागरिकों से अपील की गई है कि वे संदिग्ध या आक्रामक व्यवहार कर रहे पशुओं के नजदीक न जाएं और बच्चों को भी उनसे दूर रखें। किसी व्यक्ति के संदिग्ध पशु के काटने या उसकी लार के संपर्क में आने की स्थिति में तत्काल चिकित्सकीय सलाह लेकर आवश्यक एंटी-रेबीज उपचार कराया जाए।
अब पूरे मामले में प्रशासन और पशुपालन विभाग की जांच के बाद ही स्पष्ट हो सकेगा कि इन गौवंशों की मौत और संदिग्ध लक्षणों के पीछे वास्तविक कारण क्या है।
.
In news ad
.
Dewas | Dewas City | Dewas Update | देवास | देवास शहर | Dewas News | Hello Dewas
#dewas #hellodewas #dewasnews
Dewas Nagar, Dewas | Oct 6, 2026