जिस पैर से बाबा पर चढ़ा था, अब उस पैर से चल भी नहीं पाएगा...
सेक्टर-8 हनुमान मंदिर चोरी का खुलासा, 10 किलो से ज्यादा चांदी के आभूषण बरामद
सेक्टर-8 स्थित हनुमान मंदिर से चांदी का मुकुट, कुण्डल और छत्र चोरी होने के मामले में अपराध शाखा ऊंचा गांव की टीम ने त्वरित कार्रवाई करते हुए आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस ने आरोपी के कब्जे से करीब 20 लाख रुपये से अधिक कीमत के चोरीशुदा चांदी के आभूषण बरामद किए हैं, जिनका वजन 10 किलोग्राम से अधिक बताया गया है।
पुलिस के अनुसार गिरफ्तार आरोपी की पहचान अशोक निवासी गांव सिही, फरीदाबाद (मूल निवासी गांव मिस्से, जिला पलवल) के रूप में हुई है। आरोपी को गुरुवार को अदालत में पेश किया जाएगा।
चांदी के आभूषण बेचने की फिराक में था आरोपी
पुलिस प्रवक्ता ने बताया कि 8 जुलाई को अपराध शाखा ऊंचा गांव की टीम को सूचना मिली कि मंदिर से चोरी करने वाला आरोपी चांदी के आभूषण बेचने की कोशिश कर रहा है। सूचना के आधार पर सेक्टर-3 गुरुग्राम कैनाल के पास घेराबंदी की गई।
पुलिस टीम को देखकर आरोपी भागने लगा, लेकिन रास्ते में पड़े ईंट-पत्थरों पर फिसलकर गिर गया, जिससे उसके पैर में चोट लग गई। इसके बाद पुलिस ने उसे काबू कर लिया और इलाज के लिए अस्पताल में भर्ती कराया।
10 किलो से ज्यादा चांदी बरामद
पूछताछ के दौरान आरोपी के कब्जे से चोरी किए गए चांदी का मुकुट, कुण्डल और छत्र बरामद कर लिए गए। पुलिस के अनुसार बरामद आभूषणों का कुल वजन 10 किलोग्राम से अधिक है और उनकी अनुमानित कीमत 20 लाख रुपये से ज्यादा है।
7 जुलाई की रात हुई थी चोरी
गौरतलब है कि 7 जुलाई की रात सेक्टर-8 स्थित हनुमान मंदिर से अज्ञात चोर चांदी का मुकुट, कुण्डल और छत्र चोरी कर ले गया था। इस संबंध में दरयाव मलिक, निवासी गांव सिही की शिकायत पर थाना सेक्टर-8 में मामला दर्ज कर जांच शुरू की गई थी। जांच के दौरान अपराध शाखा ऊंचा गांव ने कुछ ही समय में मामले का खुलासा करते हुए आरोपी को गिरफ्तार कर लिया।
Panipat, Panipat | Jul 8, 2026