पीबीएमः सिजेरियन डिलीवरी के बाद दो और प्रसूताओं की मौत
बीकानेर पीबीएम अस्पताल में सिजेरियन डिलीवरी के बाद दो और प्रसूताओं की मौत हो गई। इन्हें मिलाकर इस साल करीब 18 प्रसूताओं की मौत हो चुकी है। नागौर निवासी इमरती देवी हो प्रसव पीड़ा होने पर चार अगस्त को जनाना अस्पताल लाया गया था, जहां पांच अगस्त की रात को उसके सिजेरियन से डिलीवरी कराई गई। उसी रात करीब दो बजे तबीयत ज्यादा बिगड़ने पर महिला को मेडिसिन आईसीयू में शिफ्ट करना पड़ा। गुरुवार रात को उसने दम तोड़ दिया। प्रथम दृष्टया मृत्यु का कारण हार्ट फेलियर बताया जा रहा है। इससे पूर्व बुधवार की रात चूरू से रेफर होकर आई संतोष देवी ने दम तोड़ दिया। वह वेंटिलेटर पर थी। पीबीएम अधीक्षक डॉ. बीसी घीया ने बताया कि संतोष के चूरू में 29 जुलाई को सिजेरियन डिलीवरी के बाद हालत बिगड़ गई थी। उसके कार्डियक अरेस्ट भी आ गया था। बुधवार को सुबह उसे यहां लाया।