जिले के जनपद पंचायत पुष्पराजगढ़ अंतर्गत ग्राम पंचायत सरई में मुख्यमंत्री जन विश्वास अभियान के तहत जन विश्वास शिविर का आयोजन किया गया। शिविर में विधायक पुष्पराजगढ़ श्री फुंदेलाल सिंह मार्को, कमिश्नर शहडोल संभाग श्रीमती सुरभि गुप्ता, कलेक्टर श्री रत्नाकर झा एवं मुख्य कार्यपालन अधिकारी जिला पंचायत श्रीमती अर्चना कुमारी ने ग्रामीणों से संवाद कर उनकी समस्या मूलक शिकायतें एवं आवेदन सुने। अधिकारियों ने प्राप्त आवेदनों पर संबंधित विभागों के अधिकारियों को आवश्यक कार्यवाही करते हुए समस्याओं का नियमानुसार निराकरण सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।
शिविर में विधायक, कमिश्नर एवं कलेक्टर ने विभिन्न विभागों द्वारा लगाए गए स्टॉलों का अवलोकन किया। इस दौरान राजस्व, उद्योग, महिला एवं बाल विकास, स्वास्थ्य, खाद्य, नगरीय प्रशासन, कृषि सहित विभिन्न विभागों के अधिकारियों ने अपने-अपने विभागों द्वारा संचालित जनकल्याणकारी योजनाओं, नवाचारों एवं उपलब्धियों की जानकारी ग्रामीणों को दी। अधिकारियों ने उपस्थित नागरिकों को योजनाओं के उद्देश्य, पात्रता, आवेदन प्रक्रिया तथा योजनाओं के माध्यम से मिलने वाले लाभों के संबंध में जानकारी प्रदान की। विभिन्न विभागों द्वारा लगाए गए जानकारी एवं सेवा संबंधी स्टॉलों के माध्यम से आमजन को योजनाओं से संबंधित आवश्यक जानकारी एवं सेवाएं उपलब्ध कराई गईं।
शिविर के दौरान स्व-सहायता समूह से जुड़ी दीदी श्रीमती आशा देवी, श्रीमती पुष्पा सिंह एवं श्रीमती सुनीता नायक ने स्व-सहायता समूह से जुड़ने के बाद अपने जीवन में आए बदलाव एवं आर्थिक सशक्तीकरण की कहानी साझा की। उन्होंने समूह के माध्यम से स्वरोजगार एवं आजीविका गतिविधियों से प्राप्त हो रहे लाभों की जानकारी दी तथा अन्य महिलाओं को भी स्व-सहायता समूहों से जुड़कर आत्मनिर्भर बनने के लिए प्रेरित किया।
इस अवसर पर जिले के 8 स्व-सहायता समूहों को विभिन्न गतिविधियों के लिए कुल 45 लाख 50 हजार रुपये की राशि का प्रतीक स्वरूप चेक प्रदान किया गया। इससे स्व-सहायता समूहों की महिलाओं को आजीविका गतिविधियों को विस्तार देने तथा आर्थिक रूप से सशक्त बनने में सहायता मिलेगी।
#anuppur
Anuppur, Madhya Pradesh | Oct 9, 2026