सेना का अपमान पूरे हिमाचल की जनता का अपमान : केशव चौहान
जगत सिंह नेगी माफी मांगें या मुख्यमंत्री उन्हें मंत्रिमंडल से करें बाहर, पुलिस सरकार की कठपुतली बनकर काम न करे
शिमला। भाजपा जिला शिमला अध्यक्ष केशव चौहान ने राजस्व मंत्री जगत सिंह नेगी के भारतीय सेना को लेकर दिए गए कथित बयान के विरोध में भाजपा युवा मोर्चा के प्रदर्शन के दौरान पुलिस की कार्रवाई पर कड़ी नाराजगी जताई है। उन्होंने कांग्रेस सरकार पर पुलिस को आगे करके लोकतांत्रिक तरीके से किए जा रहे आंदोलन को दबाने का प्रयास करने का आरोप लगाया। उन्होंने कहा कि प्रदेश में इस प्रकार की स्थिति बेहद दुर्भाग्यपूर्ण है।
केशव चौहान ने कहा कि राजस्व मंत्री जगत सिंह नेगी ने भारतीय सेना और उसकी क्षमताओं को लेकर जिस प्रकार की टिप्पणी की है, वह सेना का अपमान है। भारतीय सेना का अपमान पूरे हिमाचल प्रदेश की जनता का अपमान है। उन्होंने कहा कि हिमाचल प्रदेश सैनिकों और युवाओं की धरती है। ऐसे में सेना के प्रति इस प्रकार की टिप्पणी प्रदेश की जनता की भावनाओं को आहत करने वाली है। उन्होंने कहा कि किन्नौर की पावन धरती से संबंध रखने वाले मंत्री की टिप्पणी से किन्नौर की जनता की भावनाओं को भी ठेस पहुंची है। यह पूरे देश और प्रदेश की जनता का अपमान है।
उन्होंने कहा कि भाजपा युवा मोर्चा के कार्यकर्ताओं ने इसी मुद्दे को लेकर धरना-प्रदर्शन किया था। इस दौरान कार्यकर्ता विरोध स्वरूप पुतला दहन करना चाहते थे, लेकिन पुलिस ने पुतले को पकड़ने और प्रदर्शन को रोकने का प्रयास किया। इस दौरान धक्का-मुक्की भी हुई। उन्होंने पुलिस की इस कार्रवाई को निंदनीय बताते हुए कहा कि शांतिपूर्ण विरोध-प्रदर्शन को इस तरह दबाने का प्रयास लोकतांत्रिक व्यवस्था के खिलाफ है।
केशव चौहान ने मीडिया के माध्यम से पुलिस के आला अधिकारियों को चेतावनी देते हुए कहा कि पुलिस अधिकारी सरकार के पिट्ठू बनकर काम न करें। पुलिस को जनता की सुरक्षा और कानून व्यवस्था बनाए रखने के लिए नियुक्त किया गया है, न कि सरकार के हाथों की कठपुतली बनकर भारतीय जनता पार्टी के कार्यकर्ताओं को कुचलने के लिए। उन्होंने कहा कि पुलिस का काम लोगों की सुरक्षा करना है, न कि राजनीतिक दबाव में आकर दादागिरी करना।
उन्होंने कहा कि भाजपा जिला अध्यक्ष होने के नाते वह पुलिस की इस कार्रवाई की कड़े शब्दों में निंदा और भर्त्सना करते हैं। कांग्रेस पार्टी और राजस्व मंत्री जगत सिंह नेगी को अपनी टिप्पणी के लिए माफी मांगनी चाहिए। उन्होंने मुख्यमंत्री से आग्रह किया कि यदि मंत्री माफी नहीं मांगते हैं तो उन्हें तुरंत मंत्रिमंडल के पद से पदमुक्त किया जाए।
केशव चौहान ने स्पष्ट किया कि भारतीय सेना और सैनिकों के सम्मान के साथ किसी भी प्रकार का समझौता नहीं किया जा सकता। उन्होंने चेतावनी दी कि भाजपा कार्यकर्ताओं के साथ पुलिस की इस तरह की कथित गुंडागर्दी को किसी भी सूरत में बर्दाश्त नहीं किया जाएगा।