समाहरणालय बक्सर
(जिला जन संपर्क कार्यालय)
प्रेस विज्ञप्ति:- दिनांक 06 अक्टूबर 2026
जिला पदाधिकारी की उपस्थिति में नचाप पंचायत में आयोजित हुआ सेवा सेतु सह सहयोग शिविर
ग्रामीणों की समस्याओं के त्वरित समाधान एवं जनकल्याणकारी योजनाओं का लाभ पहुंचाने पर दिया गया विशेष जोर
आज दिनांक 06 अक्टूबर 2026 को जिला पदाधिकारी बक्सर, श्रीमती साहिला की उपस्थिति में चौगाई प्रखंड अंतर्गत नचाप पंचायत में सेवा सेतु सह पंचायत सहयोग शिविर का आयोजन किया गया।
इस सेवा सेतु सह पंचायत सहयोग शिविर का मुख्य उद्देश्य पंचायत क्षेत्र के आमजनों को विभिन्न विभागों द्वारा संचालित जनकल्याणकारी योजनाओं एवं सरकारी सेवाओं की जानकारी एक ही स्थान पर उपलब्ध कराना, उनकी समस्याओं एवं शिकायतों का स्थानीय स्तर पर त्वरित समाधान सुनिश्चित करना तथा पात्र लाभुकों को योजनाओं का लाभ सीधे दिलाना रहा।
सेवा सेतु सह सहयोग शिविर में विभिन्न विभागों के पदाधिकारियों एवं कर्मियों द्वारा अपने-अपने विभाग से संबंधित योजनाओं एवं सेवाओं की विस्तृत जानकारी ग्रामीणों को दी गई। शिविर में बड़ी संख्या में ग्रामीणों ने भाग लेकर अपनी समस्याओं एवं आवश्यकताओं से जिला प्रशासन को अवगत कराया। ग्रामीणों द्वारा विभिन्न प्रकार की जनसमस्याओं से संबंधित आवेदन एवं शिकायतें भी प्रस्तुत की गईं।
जिला पदाधिकारी ने शिविर में उपस्थित ग्रामीणों से सीधे संवाद कर उनकी समस्याओं को गंभीरतापूर्वक सुना। उन्होंने संबंधित विभागों के पदाधिकारियों को निर्देश दिया कि प्राप्त आवेदनों एवं शिकायतों का नियमसंगत, पारदर्शी एवं समयबद्ध तरीके से निष्पादन सुनिश्चित किया जाए।
उन्होंने कहा कि आम जनता की समस्याओं का समाधान जिला प्रशासन की सर्वोच्च प्राथमिकताओं में शामिल है तथा प्रशासन का प्रयास है कि सेवा सेतु शिविरों सह पंचायत स्तरीय सहयोग शिविरों के माध्यम से लोगों को अपनी समस्याओं के समाधान के लिए अनावश्यक रूप से कार्यालयों के चक्कर न लगाने पड़ें।
उन्होंने अधिकारियों को निर्देशित करते हुए कहा कि सरकार द्वारा संचालित सभी जनकल्याणकारी योजनाओं का लाभ पात्र एवं जरूरतमंद लाभुकों तक पारदर्शी तरीके से पहुंचाना सुनिश्चित किया जाए। योजनाओं के क्रियान्वयन में किसी भी स्तर पर लापरवाही अथवा अनावश्यक विलंब को गंभीरता से लिया जाएगा।
जिला पदाधिकारी ने ग्रामीणों को सरकार की विभिन्न कल्याणकारी योजनाओं का लाभ लेने के लिए पात्रता एवं आवश्यक दस्तावेजों की जानकारी प्राप्त करने तथा संबंधित विभाग अथवा शिविर के माध्यम से आवेदन करने के लिए प्रेरित किया। उन्होंने विशेष रूप से अधिकारियों एवं कर्मियों को निर्देश दिया कि योजनाओं के संबंध में ग्रामीणों के बीच व्यापक जागरूकता उत्पन्न की जाए, ताकि कोई भी पात्र व्यक्ति जानकारी के अभाव में सरकारी सुविधा से वंचित न रहे।
जिला पदाधिकारी द्वारा शिविर में आए हुए लाभुकों को राशन कार्ड एवं आवास की चाबी भी प्रदान की गई।
सेवा सेतु शिविर के दौरान संबंधित विभागों द्वारा आमजनों की समस्याओं एवं आवेदनों को प्राप्त कर आवश्यक कार्रवाई की गई। विभिन्न विभागों के पदाधिकारियों ने ग्रामीणों को विभागीय योजनाओं, सेवाओं एवं सुविधाओं के संबंध में आवश्यक जानकारी उपलब्ध कराई तथा लोगों की समस्याओं के समाधान के लिए आवश्यक प्रक्रिया से अवगत कराया।
जिला प्रशासन की इस पहल से ग्रामीणों को एक ही स्थान पर विभिन्न विभागों से संबंधित जानकारी एवं सेवाएं प्राप्त करने तथा अपनी समस्याओं को सीधे प्रशासन के समक्ष रखने का सुअवसर मिला।
जिला पदाधिकारी ने कहा कि पंचायत स्तर पर इस प्रकार के *सेवा सेतु सह सहयोग शिविरों* का आयोजन प्रशासन एवं आम जनता के बीच बेहतर समन्वय स्थापित करने तथा एक पारदर्शी सेतु का निर्माण करने की दिशा में अत्यंत महत्वपूर्ण कदम है। ऐसे शिविरों के माध्यम से प्रशासन को जमीनी स्तर पर लोगों की वास्तविक समस्याओं एवं आवश्यकताओं की जानकारी मिलती है, वहीं आमजनों को भी अपनी समस्याओं के समाधान एवं सरकारी योजनाओं का लाभ प्राप्त करने में सुगमता होती है।
उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिया कि वे क्षेत्र भ्रमण एवं जनसंवाद के माध्यम से लोगों की समस्याओं को समझें तथा सरकार की योजनाओं एवं प्रशासनिक सेवाओं की पहुंच समाज के अंतिम व्यक्ति तक सुनिश्चित करने के लिए पूरी संवेदनशीलता एवं प्रतिबद्धता के साथ कार्य करें।
जिला जनसंपर्क कार्यालय
बक्सर।
@top fans Information & Public Relations Department, Government of Bihar Buxar Administration CMO Bihar Buxar Police Samrat Choudhary जिला प्रशासन बक्सर #samrat4bjp #CMSamrat #IPRDBihar #IPRD_Bihar #buxarcity #CMOBihar #bihar #buxar
7 views | Buxar, Bihar | Oct 6, 2026