#भरतपुर। जिले के बयाना क्षेत्र अंतर्गत कौड़ापुरा गांव में सरपंच चुनाव के मतदान से ठीक एक दिन पहले दो पक्षों के बीच विवाद हिंसक रूप ले बैठा। चुनाव प्रचार के दौरान शराब के नशे में कहासुनी से शुरू हुआ मामला देखते ही देखते मारपीट और जमकर हुए पथराव में बदल गया, जिससे पूरे गांव में अफरा-तफरी मच गई। घटना में करतार मावई तथा वीरेंद्र कौड़ापुरा पक्ष के दो लोग घायल हो गए। सूचना पर गढ़ी बाजना थानाधिकारी श्यामलाल मीणा, एएसपी रामगोपाल बसवाल और सीओ देवेंद्र जाखड़ भारी पुलिस जाप्ते के साथ मौके पर पहुंचे और स्थिति को नियंत्रित किया। पुलिस ने तत्परता दिखाते हुए चार लोगों को हिरासत में लिया है और दोनों पक्षों की ओर से मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। गुरुवार को होने वाले मतदान के दौरान किसी भी अप्रिय घटना को रोकने के लिए गांव में अतिरिक्त पुलिस बल तैनात कर लगातार गश्त की जा रही है।
Bharatpur, Bharatpur | Nov 4, 2026