लायंस क्लब मंडी डबवाली सुप्रीम ने श्री गुरु गोबिंद सिंह स्टेडियम में लगाया नि:शुल्क जांच एवं रक्त परीक्षण शिविर
*डबवाली का हर युवा नशे से दूर रहे, स्वस्थ रहे और अपने परिवार व समाज के लिए गर्व बने* गुरदीप कामरा
मंडी डबवाली। लायंस क्लब मंडी डबवाली सुप्रीम द्वारा शिव पथ लैबोरेटरी के सहयोग से श्री गुरु गोबिंद सिंह स्टेडियम में एक नि:शुल्क जांच एवं रक्त परीक्षण शिविर का सफल आयोजन किया गया। यह शिविर क्लब अध्यक्ष लायन गुरदीप कामरा दर्दी के मार्गदर्शन में संपन्न हुआ।
लायंस क्लब सुप्रीम ने पुलिस प्रशासन व स्वास्थ्य विभाग द्वारा नशामुक्त अभियान के अन्तर्गत आयोजित कार्यक्रम “भांगड़ा बीट” से जुड़ते हुए और इसे अपना समर्थन देते हुए इस कैंप का आयोजन किया, ताकि युवाओं और आम जनता को स्वास्थ्य के प्रति जागरूक करने के साथ-साथ नशा छोड़कर गर्व से जीवन जीने के लिए प्रेरित किया जा सके।
प्रधान लायन गुरदीप कामरा दर्दी ने कहा कि स्वस्थ समाज ही मजबूत समाज की नींव है। हमारा प्रयास है कि स्वास्थ्य जांच जैसी सुविधाएं आमजन तक नि:शुल्क पहुंचें और युवा नशे से दूर रहकर स्वस्थ, सम्मानजनक एवं खुशहाल जीवन की ओर बढ़ें।
शिविर में कुल 113 लोगों की शुगर (रक्त शर्करा) की नि:शुल्क जांच की गई, जिनमें से 65 मरीजों के सीबीसी (CBC) टेस्ट भी किए गए, जो बिल्कुल नि:शुल्क होंगे। इन सभी टेस्ट की रिपोर्ट नई अनाज मंडी स्थित दुकान नंबर 109 से प्राप्त की जा सकती है।
प्रधान लायन गुरदीप कामरा दर्दी ने कहा कि“लायंस क्लब सुप्रीम का उद्देश्य केवल शिविर लगाना नहीं, बल्कि हर व्यक्ति तक स्वास्थ्य और जागरूकता का संदेश पहुंचाना है। हम चाहते हैं कि डबवाली का हर युवा नशे से दूर रहे, स्वस्थ रहे और अपने परिवार व समाज के लिए गर्व बने। नशे को ना और स्वस्थ जीवन को हाँ—इसी संकल्प के साथ लायंस क्लब सुप्रीम निरंतर सेवा के कार्य करता रहेगा।”
शिविर के दौरान डबवाली पुलिस अधीक्षक (एसपी) मैडम जसलीन कौर ने कैंप का दौरा किया और लायंस क्लब सुप्रीम की इस बेहतरीन समाजसेवी पहल की जमकर सराहना की।
क्लब सचिव लायन समर्थ चावला और प्रोजेक्ट चेयरमैन लायन अमन चुघ ने बताया कि आम जनता को इन शिविरों का अधिक से अधिक लाभ पहुंचाने के उद्देश्य से अगला नि:शुल्क कैंप 27 सितंबर को स्वतंत्रता सेनानी पार्क, अनाज मंडी में आयोजित किया जाएगा।
इस अवसर पर ज़ोन चेयरमैन लायन आशीष मेहता, कनु प्रिया मेहता, सुमन कामरा, लायन डॉ. अश्वनी सचदेवा, डॉ. स्वाति सचदेवा, डॉ. दीपक पाहूजा, लायन डॉ. अश्वनी बत्रा, लायन सुदेश वर्मा, सीमा वर्मा, लायन इंदरप्रीत मोंगा, टीकम जग्गा, तरसेम कुमार रिटायर JE एवं मॉर्निंग वॉक ग्रुप के सदस्य विशेष रूप से उपस्थित रहे।
Dabwali, Sirsa | Sep 26, 2026