किसानों की सुविधा सर्वोपरि, खरीफ खरीद को लेकर सतीश जग्गा के नेतृत्व में मार्केट कमेटी ने कसी कमर
सेवा संकल्प अभियान के तहत तीन लाभार्थियों को दिए 2 लाख रुपए के चेक; हर खरीद केंद्र व सब-यार्ड पर दो-दो सदस्य संभालेंगे निगरानी, मुख्य यार्ड में चार सदस्य तैनात
डबवाली। खरीफ सीजन में किसानों को फसल बेचने में किसी तरह की परेशानी न हो और मंडियों में खरीद व्यवस्था सुचारू एवं निर्बाध रहे, इसे लेकर मार्केट कमेटी डबवाली ने तैयारियां तेज कर दी हैं। चेयरमैन सतीश जग्गा की अध्यक्षता में हुई बैठक में खरीद व्यवस्था की व्यापक समीक्षा कर जिम्मेदारियां तय की गईं। बैठक का संचालन सचिव ऋषि राज यादव ने प्रभावी ढंग से किया।
बैठक में सतीश जग्गा ने कहा कि किसान हित और समय पर फसल खरीद सर्वोच्च प्राथमिकता है। खरीद सीजन में किसानों को अनावश्यक इंतजार या किसी प्रकार की असुविधा न हो, इसके लिए सभी अधिकारी और कर्मचारी पूरी तत्परता व आपसी समन्वय के साथ कार्य करें। बैठक में सदस्यों ने सर्वसम्मति से खरीफ खरीद व्यवस्था को सुचारू रूप से संचालित करने का प्रस्ताव पारित किया।
खरीद व्यवस्था की निगरानी को लेकर भी स्पष्ट जिम्मेदारियां तय की गईं। प्रत्येक खरीद केंद्र और प्रत्येक सब-यार्ड पर मार्केट कमेटी के दो-दो सदस्य तैनात रहेंगे, जो वहां की व्यवस्थाओं एवं खरीद प्रक्रिया पर निगरानी रखेंगे। वहीं मुख्य प्रिंसिपल यार्ड की व्यवस्था देखने के लिए चार सदस्यों को जिम्मेदारी सौंपी गई है। खरीद अवधि में कमेटी स्टाफ पूरी मुस्तैदी से कार्य करेगा तथा आवश्यकता के अनुसार अस्थायी स्टाफ भी तैनात किया जाएगा।
बैठक में अतिरिक्त जगह की जरूरत वाले खरीद केंद्रों पर भी चर्चा हुई। जहां से अतिरिक्त स्थान के लिए मांग प्राप्त हुई है, वहां आवश्यकता एवं औचित्य की जांच के बाद प्रशासन से अनुमति लेने का निर्णय लिया गया, ताकि फसल खरीद के दौरान जगह की कमी के कारण किसानों को परेशानी न हो।
चेयरमैन देवकुमार शर्मा, चैयरमेन सतीश जग्गा, सचिव ऋषि राज, विजय वधवा, राजप्रीत सिंह मागेंआना ने सेवा संकल्प अभियान के तहत मुख्यमंत्री किसान एवं खेतिहर मजदूर जीवन सुरक्षा योजना के अंतर्गत तीन लाभार्थियों को कुल 2 लाख रुपए की सहायता राशि के चेक प्रदान किए गए। रविदास नगर, मंडी डबवाली निवासी जिन्ना देवी पत्नी मक्खन लाल को 1,25,000 रुपए, गांव कालूआना निवासी सुमित्रा देवी पत्नी ओमप्रकाश को 37,500 रुपए तथा गांव गंगा निवासी ओमप्रकाश पुत्र मनीराम को 37,500 रुपए का चेक प्रदान किया गया।
देवकुमार शर्मा तथा सतीश जग्गा ने कहा कि पात्र परिवारों तक सरकारी योजनाओं का लाभ पहुंचाना सामाजिक जिम्मेदारी है। सेवा संकल्प अभियान सेवा और संवेदना को जनसरोकार से जोड़ने का माध्यम है, जिसके तहत जरूरतमंद परिवारों तक सहायता पहुंचाने का प्रयास किया जा रहा है।
बैठक के बाद मार्केट कमेटी सदस्यों एवं अधिकारियों ने अटल कैंटीन का दौरा किया और वहीं भोजन किया। सदस्यों ने भोजन के स्वाद एवं गुणवत्ता पर संतोष जताते हुए कहा कि अटल कैंटीन किसानों, श्रमिकों, कर्मचारियों और आमजन के लिए किफायती एवं गुणवत्तापूर्ण भोजन की उपयोगी सुविधा है।
इस अवसर पर मार्केट कमेटी उपाध्यक्ष अमीलाल पारीक, एसडीओ लखबीर सिंह, अधिकारियों में महावीर डूडी, मैनपाल वर्मा, जतिंदर सिंह, पुष्पिंदर तथा मार्किट कमेटी सदस्य अजैब सिंह भाटी, कमलकांत दुरेजा, संदीप चावला, जगसीर शेरगिल, जगदीश महार, कमल सचदेवा, सुभाष मोंगा, सुखदेव भरत मुन्नावाली, नंदलाल, मोहिंदर डूडी, कृष्ण किनिया, पार्षद विकास शर्मा, विनेश छाबड़ा, बसंत कालूआना सहित अन्य उपस्थित रहे।
Dabwali, Sirsa | Sep 24, 2026