एनएच-20 एवं सर्विस रोड पर विशेष अभियान, 27 अस्थायी दुकानों को हटाया गया, 6 वाहनों से ₹64 हजार की शमन राशि वसूल।
जिला पदाधिकारी श्री रवि प्रकाश के निर्देशानुसार आज दिनांक 05 अगस्त 2026 को एनएच-20 एवं सर्विस रोड पर अवैध वाहन पार्किंग, अतिक्रमण एवं अनियमित वाहन परिचालन के विरुद्ध विशेष अभियान के तहत खरांट मोड़ पर सघन कार्रवाई की गई। जिला परिवहन पदाधिकारी श्री रंजीत कुमार के नेतृत्व में चलाए गए अभियान के दौरान सड़क एवं सर्विस रोड के किनारे अतिक्रमण कर संचालित लगभग 27 अस्थायी दुकानों को हटाया गया। साथ ही अवैध पार्किंग के विरुद्ध कार्रवाई करते हुए 6 वाहनों से कुल ₹64,000 की शमन राशि वसूल की गई।
जिला पदाधिकारी ने संबंधित पदाधिकारियों को निर्देश दिया है कि विशेष अभियान के दौरान एनएच-20 एवं सर्विस रोड के किनारे स्थित भू-अर्जित भूमि को भी पूर्णतः अतिक्रमणमुक्त कराना सुनिश्चित करें।
जिला पदाधिकारी के निर्देशानुसार एनएच-20 एवं सर्विस रोड पर अवैध वाहन पार्किंग, अतिक्रमण एवं अनियमित वाहन परिचालन के विरुद्ध विशेष अभियान निर्धारित कार्यक्रम के अनुसार संचालित किया जा रहा है। अभियान के तहत 05 अगस्त से 11 अगस्त 2026 तक मस्तानगंज से खरांट मोड़, 17 अगस्त से 20 अगस्त 2026 तक रामदेव मोड़ से मस्तानगंज तथा 22 अगस्त से 25 अगस्त 2026 तक हरदिया से रामदेव मोड़ के बीच सघन जांच एवं अतिक्रमण हटाओ अभियान चलाया जाएगा। अभियान के सफल संचालन एवं विधि-व्यवस्था संधारण के लिए संबंधित क्षेत्रों में दंडाधिकारियों एवं पुलिस पदाधिकारियों की प्रतिनियुक्ति की गई है।
जिला प्रशासन ने आम नागरिकों, वाहन चालकों एवं व्यवसायियों से अपील की है कि वे एनएच-20 एवं सर्विस रोड पर अवैध पार्किंग अथवा अतिक्रमण न करें तथा यातायात नियमों का पालन करते हुए प्रशासन का सहयोग करें। नियमों का उल्लंघन करने वालों के विरुद्ध नियमानुसार सख्त कार्रवाई आगे भी निरंतर जारी रहेगी।
नवादा से राकेश कुमार चन्दन की रिपोर्ट !
Nawada, Nawada | Aug 5, 2026