बिजली बोर्ड प्रबंध निदेशक आदित्य नेगी और मुख्य अभियंता राकेश ठाकुर नाहन प्रवास पर
बिजली बोर्ड के तकनीकी कर्मचारियों की मांगों पर जल्द हो कार्रवाई, प्रबंधन ने दिया सकारात्मक आश्वासन
नाहन। हिमाचल प्रदेश राज्य विद्युत बोर्ड तकनीकी कर्मचारी संघ ने बिजली बोर्ड प्रबंधन से तकनीकी कर्मचारियों की लंबित मांगों का शीघ्र समाधान करने की मांग उठाई है। शनिवार को प्रदेशाध्यक्ष रणवीर ठाकुर के नेतृत्व में संघ के प्रतिनिधिमंडल ने नाहन प्रवास के दौरान प्रबंध निदेशक आदित्य नेगी और मुख्य अभियंता राकेश ठाकुर से मुलाकात कर विभिन्न लंबित मामलों को प्रमुखता से रखा।
बैठक में संघ ने बताया कि फील्ड में कार्यरत तकनीकी कर्मचारी पिछले करीब तीन महीने से पदोन्नति का इंतजार कर रहे हैं। डीपीसी प्रक्रिया पूरी होने के बाद फाइलें बोर्ड मुख्यालय भेजी जा चुकी हैं, इसलिए उन्हें शीघ्र मंजूरी देकर कर्मचारियों को पदोन्नति का लाभ दिया जाए।
प्रतिनिधिमंडल ने बोर्ड में तकनीकी कर्मचारियों के बढ़ते रिक्त पदों को भरने की मांग भी उठाई। संघ का कहना है कि कर्मचारियों की कमी के कारण प्रदेश की विद्युत व्यवस्था प्रभावित हो रही है। इसके अलावा 26 अगस्त 2023 को भर्ती एवं पदोन्नति (आरएंडपी) नियमों में संशोधन से प्रभावित आईटीआई और नॉन-आईटीआई तकनीकी कर्मचारियों को एकमुश्त पदोन्नति देने की मांग भी रखी गई।
संघ ने मेडिकल बिल भुगतान की प्रक्रिया सर्किल स्तर के बजाय डिवीजन स्तर पर करने, इलेक्ट्रिशियन एवं फिटर को दो वर्ष का सेवाकाल पूरा होने पर उच्च वेतनमान देने, लंबित सेवा मामलों का समयबद्ध निपटारा सुनिश्चित करने तथा फील्ड कर्मचारियों को पर्याप्त और गुणवत्तापूर्ण सुरक्षा उपकरण उपलब्ध कराने की मांग भी प्रबंधन के समक्ष रखी।
प्रदेशाध्यक्ष रणवीर ठाकुर ने कहा कि तकनीकी कर्मचारी कठिन और जोखिमभरी परिस्थितियों में दिन-रात प्रदेश की विद्युत व्यवस्था को सुचारू बनाए रखने में अहम भूमिका निभा रहे हैं। ऐसे में उनकी जायज मांगों का समय रहते समाधान होना आवश्यक है।
प्रबंध निदेशक आदित्य नेगी और मुख्य अभियंता राकेश ठाकुर ने प्रतिनिधिमंडल को आश्वस्त किया कि कर्मचारियों की सभी मांगों पर गंभीरता से विचार करते हुए नियमों के अनुरूप उचित एवं त्वरित कार्रवाई की जाएगी। वहीं, तकनीकी कर्मचारी संघ ने उम्मीद जताई कि प्रबंधन कर्मचारियों के हितों से जुड़े इन मुद्दों का शीघ्र समाधान कर उनका मनोबल बढ़ाएगा।