परीक्षार्थियों की सहायता के लिए स्काउट्स एवं गाइड्स ने संभाला मोर्चा, प्लास्टिक मुक्त का संदेश दते हुए स्टील के गिलासों में कराया जलपान
स्काउटिंग के मूल मंत्र सदैव तत्पर की भावना को आत्मसात करते हुए 32 स्काउट और गाइडस ने दी सेवा
भिवानी, 05 जुलाई : प्रदेश भर में आयोजित करवाई जा रही दो दिवसीय हरियाणा अध्यापक पात्रता परीक्षा के दौरान परीक्षार्थियों की सुविधा के लिए द हरियाणा राज्य भारत स्काउट्स एवं गाइड्स चंद्रशेखर आजाद ओपन गु्रप द्वारा परीक्षा के दूसरे दिन रविवार को सराहनीय सेवा अभियान चलाया गया। परीक्षा देने आए हजारों अभ्यर्थियों की सहायता के लिए विभिन्न परीक्षा केंद्रों के बाहर विशेष हेल्प डेस्क स्थापित किए गए और उनके लिए जलपान की उत्तम व्यवस्था की गई। यह पूरा सेवा कार्य जिला उपायुक्त साहिल गुप्ता, जिला पुलिस अधीक्षक सुमित कुमार तथा जिला शिक्षा अधिकारी निर्मला दहिया के दिशा-निर्देशों के अनुसार आयोजित किया गया था।
चंद्रशेखर आजाद ओपन गु्रप के गु्रप लीडर सागर सज्जन सिंह एवं गु्रप कोऑर्डिनेटर लक्ष्मण गौड़ के मार्गदर्शन में जिला के तीन प्रमुख परीक्षा केंद्रों टीआईटी), वैश्य कॉलेज तथा राजकीय कन्या वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालय के बाहर हेल्प डेस्क संचालित किए गए। स्काउटिंग के मूल मंत्र सदैव तत्पर और सेवा की भावना को आत्मसात करते हुए कुल 32 स्काउट और गाइड जवानों ने इस अभियान में अपनी सेवाएं दीं। व्यवस्था को सुचारू रूप से चलाने के लिए जवानों को तीन अलग-अलग टुकडिय़ों में विभाजित कर केंद्रों पर तैनात किया गया था।
इस सेवा अभियान की सबसे खास बात यह रही कि इसमें पर्यावरण संरक्षण का पूरा ध्यान रखा गया। सिंगल-यूज़ प्लास्टिक पर पूरी तरह प्रतिबंध लागू करते हुए गु्रप लीडर के सख्त निर्देशानुसार किसी भी तरह की डिस्पोज़ेबल सामग्री का उपयोग नहीं किया गया। परीक्षार्थियों को जलपान कराने के लिए केवल स्टील के गिलासों का प्रयोग किया गया, जो अन्य संस्थाओं के लिए भी प्रेरणादायी रहा। इसके साथ ही जवानों ने केंद्रों के बाहर स्वच्छता बनाए रखने और कचरा प्रबंधन में भी महत्वपूर्ण भूमिका निभाई।
भीषण गर्मी और परीक्षा के तनाव के बीच केंद्रों पर पहुंचने वाले परीक्षार्थियों का जवानों ने न केवल मार्गदर्शन किया, बल्कि उनके बैग और अन्य कीमती सामान की सुरक्षा भी सुनिश्चित की। वैश्य कॉलेज केंद्र पर नियुक्त समन्वयकों ने स्वयं उपस्थित रहकर अपनी जिम्मेदारियों का सफलतापूर्वक निर्वहन किया। वहीं टीआईटी परीक्षा केंद्र के बाहर इलेक्ट्रॉनिक मीडिया कोऑर्डिनेटर पुनीत शाह ने अपनी ड्यूटी का उत्कृष्ट रूप से पालन करते हुए इस अभियान के प्रचार-प्रसार में महत्वपूर्ण योगदान दिया।
इस दो दिवसीय अभियान को सफल बनाने के लिए पहले ही एक विशेष बैठक कर रणनीति तैयार की गई थी। कार्यक्रम के सफल संचालन हेतु गठित विशेष टीम का समन्वयक सह गु्रप लीडर अमित कुमार तथा गाइड रेंजर कैप्टन श्रीमती पुष्पा देवी को नियुक्त किया गया था। पूरे सेवा अभियान की समग्र मॉनिटरिंग सह गु्रप लीडर सुनील वर्मा एवं सीनियर लीडर ट्रेनर नीतेश कुमार द्वारा की गई। इसके अलावा राजकीय कन्या वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालय केंद्र पर पेट्रोल लीडरों की मॉनिटरिंग और अनुशासन का जिम्मा परेड मास्टर हिमांशु भाटी ने बखूबी संभाला। प्रशासनिक अधिकारियों और आम जनता ने स्काउट्स एवं गाइड्स के इस नि:स्वार्थ सेवा कार्य की जमकर सराहना की है। इस दौरान रोवर, माहिर, विनय, मयूर, मयंक, आदित्य, अमन, चमन एवं अन्य जवानों द्वारा उत्कृष्ट कार्य कर समाज को एक अच्छा संदेश दिया गया कि स्काउट कार्य सेवा एवं देश व प्रदेश के लिए तात्पर्य तैयार रहना यह हमारा उद्देश्य है।