पैमाइश के बाद बन रही दीवार ढहाई, महिलाओं की दबंगई का वीडियो वायरल
हरदोई जिले के अतरौली थाना क्षेत्र के भम्भुआ गांव में जमीन की पैमाइश के बाद निर्माणाधीन चहारदीवारी को कुछ महिलाओं द्वारा गिराए जाने का मामला सामने आया है। पीड़ित परिवार का आरोप है कि रविवार को घर की चहारदीवारी का निर्माण कार्य चल रहा था, तभी गांव की कुछ महिलाएं मौके पर पहुंचीं और विरोध करते हुए आधी बनी दीवार व पिलरों को ढहा दिया। घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल होने के बाद इलाके में चर्चा का विषय बन गया है। पीड़िता विमला के अनुसार, उसके पति राजकुमार मेहनत-मजदूरी कर वर्षों से घर बनाने के लिए पैसा जोड़ रहे थे और प्रशासनिक पैमाइश के बाद ही निर्माण कार्य शुरू कराया गया था।
पीड़ित परिवार का आरोप है कि प्रेमप्यारी, कुसुमा, शिवदेवी, आरती, सुनीता समेत अन्य महिलाओं ने जबरन निर्माण रोकते हुए दीवार गिरा दी, जबकि परिवार लगातार विरोध करता रहा। वायरल वीडियो में भी महिलाएं निर्माणाधीन दीवार को नुकसान पहुंचाती दिखाई दे रही हैं। घटना के बाद पीड़ित पक्ष ने अतरौली थाने में तहरीर देकर कार्रवाई की मांग की है। थाना प्रभारी निरीक्षक मनोज सिंह ने बताया कि शिकायत प्राप्त हो गई है और मामले की जांच कर आवश्यक कार्रवाई की जा रही है।
Hardoi, Hardoi | Jun 2, 2026