युवा केवल देश का भविष्य नहीं, बल्कि वर्तमान में भी राष्ट्र निर्माण के महत्वपूर्ण सहभागी हैं - केन्द्रीय मंत्री श्री उइके
खेलो इंडिया संवाद कार्यक्रम आयोजित
हरदा - खेल दिवस के अवसर पर माय भारत हरदा एवं भाऊ साहब भुस्कुटे शासकीय महाविद्यालय, टिमरनी की एनएसएस इकाई के संयुक्त तत्वावधान में ‘खेलो इंडिया संवाद-खेल की बात पी.एम. मोदी के साथ’ कार्यक्रम का भव्य आयोजन महाविद्यालय परिसर में किया गया। कार्यक्रम में भारत सरकार के जनजातीय कार्य विभाग के केन्द्रीय राज्य मंत्री एवं क्षेत्रीय सांसद डी. डी. उइके, जिला पंचायत अध्यक्ष गजेंद्र शाह, पूर्व कृषि मंत्री कमल पटेल, कलेक्टर सिद्धार्थ जैन, जिला अध्यक्ष राजेश वर्मा, एसडीओपी सहित जनप्रतिनिधि, अधिकारी, खेल जगत की हस्तियां, महाविद्यालय के प्राचार्य, प्राध्यापक एवं बड़ी संख्या में विद्यार्थी और युवा उपस्थित रहे। कार्यक्रम में महाविद्यालय के एनएसएस एवं एनसीसी के विद्यार्थियों ने भी सक्रिय भागीदारी की।
कार्यक्रम की शुरुआत प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के देशभर के युवाओं के साथ सीधे आभासी संवाद से हुई। प्रधानमंत्री ने अपने उद्बोधन की शुरुआत हॉकी के महान खिलाड़ी मेजर ध्यानचंद को स्मरण करते हुए की। उन्होंने देश की युवा शक्ति को एकजुट होकर राष्ट्र निर्माण में सक्रिय भूमिका निभाने का आह्वान किया। प्रधानमंत्री ने युवाओं को प्रेरित करते हुए कहा कि केवल मेडल जीतना ही पर्याप्त नहीं है, बल्कि अपनी प्रतिभा और उपलब्धियों के माध्यम से देश का गौरव बढ़ाना भी महत्वपूर्ण है। उन्होंने युवाओं को खेलों से जुड़ने, अपनी प्रतिभा को पहचानने एवं निरंतर निखारने तथा राष्ट्र निर्माण में योगदान देने के लिए प्रेरित किया।
कार्यक्रम में केन्द्रीय राज्य मंत्री एवं क्षेत्रीय सांसद डी. डी. उइके ने युवाओं की ऊर्जा, प्रतिभा और रचनात्मक सोच को देश की प्रगति के लिए महत्वपूर्ण बताते हुए सकारात्मक दिशा में आगे बढ़ने का आह्वान किया। उन्होंने कहा कि युवा केवल देश का भविष्य नहीं, बल्कि वर्तमान में भी राष्ट्र निर्माण के महत्वपूर्ण सहभागी हैं। युवाओं की सक्रिय भागीदारी से विकसित भारत के संकल्प को नई गति मिल सकती है। कार्यक्रम के दौरान केन्द्रीय राज्य मंत्री श्री उइके के साथ उपस्थित युवाओं एवं विद्यार्थियों ने नशामुक्ति की शपथ ली। युवाओं ने नशे से स्वयं दूर रहने तथा समाज को नशामुक्त बनाने में सक्रिय भूमिका निभाने का संकल्प लिया।
कार्यक्रम में खेल जगत की विशिष्ट हस्तियों की उपस्थिति ने युवाओं का उत्साह बढ़ाया। अंतर्राष्ट्रीय हॉकी खिलाड़ी एवं भोपाल में पुरस्कृत खिलाड़ी सुश्री खुशबू खान, अंतर्राष्ट्रीय कराते खिलाड़ी एवं पुरस्कृत खिलाड़ी सुश्री मना मण्डलेकर तथा एशियन गेम्स से जुड़े राष्ट्रीय एवं पुरस्कृत मलखंभ खिलाड़ी प्रशांत भलावी ने युवाओं के साथ अपनी खेल यात्रा, संघर्ष एवं सफलता के अनुभव साझा किए। खेल हस्तियों ने युवाओं को निरंतर अभ्यास, अनुशासन, आत्मविश्वास और लक्ष्य के प्रति समर्पण के साथ आगे बढ़ने के लिए प्रेरित किया तथा खेलों में उपलब्ध अवसरों का लाभ उठाने का आह्वान किया।
कार्यक्रम में महाविद्यालय की एनएसएस इकाई छात्रा सुश्री कश्यपी शर्मा ने खिलाड़ियों के लिए ऐसी सतत एवं व्यवस्थित व्यवस्था विकसित करने का सुझाव दिया, जिसमें प्रतिभावान खिलाड़ियों की समय पर पहचान हो और उन्हें आगे बढ़ने के लिए निरंतर अवसर एवं मार्गदर्शन प्राप्त हो सके। इस अवसर पर महाविद्यालय की एनएसएस इकाई छात्रा सुश्री कृष्णिका अग्रवाल ने विकसित भारत के लिए युवाओं के सशक्तिकरण पर सुझाव देते हुए कहा कि ऐसे मंच विकसित किए जाने चाहिए, जहां स्वयंसेवा को स्किल-बेस्ड अवसरों से जोड़ा जा सके, ताकि युवा सामाजिक सेवा के साथ-साथ उपयोगी कौशल भी अर्जित कर सकें। महाविद्यालय के एनएसएस इकाई छात्र आयुष बौरासी ने शासन एवं प्रशासन में युवाओं की भागीदारी बढ़ाने का सुझाव दिया। उन्होंने कहा कि युवाओं को केवल भाषणों का हिस्सा न बनाकर प्रशासनिक इंटर्नशिप की व्यवस्था की जानी चाहिए, जिससे वे प्रशासनिक कार्यप्रणाली को नजदीक से समझ सकें। उन्होंने ‘वन कॉलेज, वन विलेज’ विजन शुरू करने का सुझाव भी दिया, जिसके माध्यम से महाविद्यालय गांवों के साथ जुड़कर वहां के बच्चों एवं युवाओं तक विभिन्न शैक्षणिक एवं विकास संबंधी सुविधाओं की जानकारी पहुंचा सके। एनएसएस इकाई छात्रा सुश्री सुषमा उइके ने ‘विकसित भारत में नशामुक्ति-भारत की युवा शक्ति की जिम्मेदारी एवं भागीदारी’ विषय पर अपने सुझाव प्रस्तुत किए। उन्होंने नशे से दूर रहने तथा नशामुक्त समाज के निर्माण में युवाओं की सक्रिय भूमिका पर जोर दिया।
कार्यक्रम में युवाओं को माय भारत पोर्टल से जुड़ने तथा ‘विकसित भारत यंग लीडर्स डायलॉग’ क्विज सहित विभिन्न गतिविधियों में भाग लेने के लिए प्रेरित किया गया। युवाओं से माय भारत के माध्यम से स्वयंसेवा, नेतृत्व एवं कौशल आधारित गतिविधियों से जुड़कर राष्ट्र निर्माण में अपनी भागीदारी सुनिश्चित करने का आह्वान किया गया। कार्यक्रम में महाविद्यालय के एनएसएस एवं एनसीसी के विद्यार्थियों ने सक्रिय सहभागिता करते हुए कार्यक्रम की विभिन्न व्यवस्थाओं एवं गतिविधियों में सहयोग प्रदान किया। विद्यार्थियों की सहभागिता से कार्यक्रम का वातावरण उत्साहपूर्ण एवं अनुशासित रहा। माय भारत की जिला युवा अधिकारी सुश्री श्रद्धा मित्तल के नेतृत्व में कार्यक्रम का आयोजन किया गया। महाविद्यालय की एनएसएस इकाई एवं आयोजन समिति द्वारा कार्यक्रम की व्यवस्थाओं में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई गई। संपूर्ण कार्यक्रम का सफल संचालन एनएसएस के कार्यक्रम अधिकारी डॉ. सुनीत काशिव एवं माय भारत के मॉडरेटर दीपक गौर द्वारा किया गया। दोनों ने कार्यक्रम की विभिन्न गतिविधियों को निर्धारित क्रम में संचालित करते हुए अतिथियों, खेल हस्तियों एवं विद्यार्थियों के बीच बेहतर समन्वय स्थापित किया।
कार्यक्रम के अंत में महाविद्यालय के एनएसएस नोडल अधिकारी डॉ. अरुण कुमार सिकरवार ने सभी अतिथियों, खेल हस्तियों, अधिकारियों, प्रिंट मीडिया प्रतिनिधियों, प्राध्यापकों, एनएसएस एवं एनसीसी विद्यार्थियों तथा उपस्थित युवाओं का आभार व्यक्त किया। उन्होंने कार्यक्रम को सफल बनाने में सहयोग देने वाले सभी लोगों के प्रति धन्यवाद ज्ञापित किया। कार्यक्रम का समापन राष्ट्रगान के साथ किया गया।
कॉलेज परिसर में किया पौधरोपण
केन्द्रीय राज्य मंत्री एवं क्षेत्रीय सांसद डी. डी. उइके ने एक पेड़ माँ के नाम अभियान के तहत कॉलेज परिसर में पौधारोपण कर पर्यावरण संरक्षण का संदेश दिया।
Harda, Harda | Aug 27, 2026