प्रेस विज्ञप्ति
जिला जनसंपर्क कार्यालय, मधेपुरा
मधेपुरा, दिनांक : 03 जून, 2026
खेत बचाओ अभियान का शुभारंभ, प्राकृतिक खेती एवं संतुलित उर्वरक उपयोग को मिलेगा बढ़ावा
जिले के सभी 13 प्रखंडों एवं चयनित पंचायतों में 25 जून तक चलेगा जागरूकता अभियान
कृषि निदेशक, बिहार, पटना के निर्देशानुसार वित्तीय वर्ष 2026-27 की आत्मा योजना अंतर्गत संचालित राष्ट्रव्यापी "खेत बचाओ अभियान" के तहत मधेपुरा जिले में व्यापक जागरूकता कार्यक्रम का शुभारंभ किया गया। अभियान का उद्देश्य प्राकृतिक खेती को प्रोत्साहित करना, रासायनिक उर्वरकों के संतुलित एवं वैज्ञानिक उपयोग के प्रति किसानों को जागरूक बनाना तथा पर्यावरण-अनुकूल कृषि पद्धतियों को बढ़ावा देना है।
प्रखंड कृषि कार्यालय, मधेपुरा में आयोजित उद्घाटन कार्यक्रम में किसानों को प्राकृतिक खेती के लाभ, मृदा स्वास्थ्य संरक्षण तथा कृषि लागत में कमी लाने के उपायों की जानकारी दी गई। अभियान के अंतर्गत किसान संवाद, खेत प्रदर्शन, तकनीकी प्रशिक्षण एवं जन-जागरूकता कार्यक्रमों का आयोजन किया जाएगा।
जिला कृषि पदाधिकारी-सह-परियोजना निदेशक (आत्मा) श्री रीतेश रंजन ने बताया कि कृषि विज्ञान केंद्र, मधेपुरा के वैज्ञानिकों, कृषि विभाग के प्रसार कर्मियों एवं जिला स्तरीय पदाधिकारियों द्वारा किसानों को प्राकृतिक खेती तथा उर्वरकों के वैज्ञानिक उपयोग संबंधी प्रशिक्षण दिया जाएगा। उन्होंने कहा कि यूरिया एवं डीएपी के अत्यधिक उपयोग को कम करते हुए एनपीके, एसएसपी, जैविक खाद, जैव उर्वरक, नैनो उर्वरक एवं सूक्ष्म पोषक तत्वों के उपयोग को बढ़ावा दिया जाएगा।
Information & Public Relations Department, Government of Bihar