मुख्यमंत्री ने शिक्षकों को दिया कैशलेस चिकित्सा योजना का तोहफा, विद्यार्थियों के खातों में भेजी डीबीटी राशि
उरई (जालौन)। विकास भवन स्थित रानी लक्ष्मीबाई सभागार में वाराणसी से आयोजित मुख्यमंत्री के कार्यक्रम का लाइव प्रसारण देखा गया। इस दौरान प्रदेश में मुख्यमंत्री शिक्षक कैशलेस चिकित्सा योजना का शुभारंभ किया गया और 1.10 करोड़ विद्यार्थियों के अभिभावकों के बैंक खातों में डीबीटी के माध्यम से प्रति छात्र 1,200 रुपये की राशि यूनिफॉर्म, जूता-मोजा, स्वेटर, स्कूल बैग और स्टेशनरी के लिए भेजी गई।
मुख्यमंत्री ने बताया कि इस योजना से प्रदेश के करीब 12 लाख शिक्षक, शिक्षणेत्तर कर्मचारी और उनके आश्रित कैशलेस स्वास्थ्य सुविधा का लाभ उठा सकेंगे। साथ ही लगभग 10 लाख शिक्षकों एवं संविदा कर्मियों को सामाजिक सुरक्षा कवच उपलब्ध कराने के लिए स्टेट बैंक ऑफ इंडिया के साथ एमओयू का निष्पादन भी किया गया।
जालौन के लिए यह कार्यक्रम खास रहा, क्योंकि कस्तूरबा गांधी आवासीय विद्यालय, कोंच की शिक्षिका वंदना को उत्कृष्ट कार्यों के लिए मुख्यमंत्री द्वारा राष्ट्रीय स्तर पर सम्मानित किया गया। इसके बाद विकास भवन में आयोजित कार्यक्रम में जनपद के शिक्षकों को कैशलेस चिकित्सा कार्ड भी वितरित किए गए।
कार्यक्रम में राज्यमंत्री नटवरलाल, जिला पंचायत अध्यक्ष डॉ. घनश्याम अनुरागी, जिलाधिकारी राजेश कुमार पाण्डेय, मुख्य विकास अधिकारी के.के. सिंह, जिला विद्यालय निरीक्षक राजकुमार पंडित, जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी विकास चौधरी सहित जनप्रतिनिधि, अधिकारी एवं बड़ी संख्या में शिक्षक-शिक्षिकाएं उपस्थित रहे।
#orai #jalaun #konch #kalpi #madhaugadh #उरई #जालौन #कोंच #कालपी #माधौगढ़
Orai, Jalaun | Jul 8, 2026