गुरु पर्व पर नूरपुर अस्पताल में शुरू हुई ‘सत की रसोई’, मरीजों और तीमारदारों को मिलेगा निःशुल्क भोजन प्रसाद
पूर्व विधायक अजय महाजन की पहल, पिता स्वर्गीय सत महाजन की शताब्दी वर्ष को समर्पित सेवा का लिया संकल्प
हर महीने दूसरे और चौथे सोमवार को लगेगी रसोई, भविष्य में हर सप्ताह सेवा शुरू करने की योजना
नूरपुर। गुरु पर्व और कार्तिक पूर्णिमा के पावन अवसर पर पूर्व विधायक अजय महाजन की पहल पर नूरपुर अस्पताल में ‘सत की रसोई’ का शुभारंभ किया गया। इस पहल के माध्यम से अस्पताल में उपचार के लिए आने वाले मरीजों, उनके तीमारदारों और अन्य जरूरतमंद लोगों को निःशुल्क भोजन प्रसाद उपलब्ध करवाया जाएगा। यह सेवा अजय महाजन के पिता स्वर्गीय सत महाजन की शताब्दी वर्ष को समर्पित है।
अजय महाजन ने बताया कि कमेटी के निर्णय के अनुसार शुरुआती चरण में ‘सत की रसोई’ हर महीने के दूसरे और चौथे सोमवार को संचालित की जाएगी। उन्होंने बताया कि अस्पताल परिसर में एक अन्य संस्था पहले और तीसरे सोमवार को पहले से ही भोजन सेवा कर रही है। इन दिनों अस्पताल में लोगों की अधिक भीड़ रहती है। ऐसे में दोनों संस्थाओं की सेवाओं का बेहतर संचालन सुनिश्चित करने और जरूरतमंदों तक भोजन सेवा पहुंचाने के उद्देश्य से दूसरे और चौथे सोमवार का चयन किया गया है।
उन्होंने कहा कि भविष्य में इस सेवा का विस्तार करते हुए इसे धीरे-धीरे हर सप्ताह शुरू करने का प्रयास किया जाएगा, ताकि अस्पताल आने वाले अधिक से अधिक मरीजों और उनके परिजनों को इसका लाभ मिल सके।
अजय महाजन ने बताया कि ‘सत की रसोई’ के पीछे सेवा और समर्पण की एक पुरानी परंपरा जुड़ी हुई है। जिस अस्पताल परिसर में आज इस सेवा की शुरुआत की गई है, उसका निर्माण उनके पिता स्वर्गीय सत महाजन ने करवाया था। इस अस्पताल में करीब 30 वर्षों तक निःशुल्क नेत्र जांच शिविरों का आयोजन होता रहा। उस दौरान दूर-दराज के क्षेत्रों से आने वाले मरीजों को न केवल चिकित्सा सुविधा उपलब्ध करवाई जाती थी, बल्कि उनके भोजन, बर्तनों की सफाई और अन्य जरूरतों का भी ध्यान रखा जाता था।
उसी सेवा भावना और परंपरा को आगे बढ़ाते हुए अब ‘सत की रसोई’ की शुरुआत की गई है। इसका उद्देश्य अस्पताल में आने वाले मरीजों और उनके तीमारदारों को भोजन उपलब्ध करवाने के साथ-साथ जरूरतमंद लोगों की मानवीय सेवा करना है।
अजय महाजन ने कहा कि यह पहल केवल भोजन वितरण तक सीमित नहीं है, बल्कि अपने पिता स्वर्गीय सत महाजन के सेवा, समर्पण और जनकल्याण के विचारों को आगे बढ़ाने का एक प्रयास है। गुरु पर्व के पावन अवसर पर शुरू की गई यह रसोई समाज में सेवा और सहयोग की भावना को मजबूत करने की दिशा में एक सार्थक पहल है।
Himachal Pradesh, India | Nov 24, 2026