नए शिक्षा सत्र की तैयारियों को अंतिम रूप देने जुटे प्रधान पाठक, प्रवेश उत्सव और एफएलएन पर बनी रणनीति
शाला खुलने पूर्व तैयारियों, प्रवेश उत्सव एवं एफएलएन कार्ययोजना पर प्रधान पाठकों की दो दिवसीय बैठक संपन्न
नवीन शिक्षा सत्र 2026-27 के सफल संचालन हेतु विद्यालय स्तर की तैयारियों की हुई समीक्षा
जिला प्रशासन के निर्देश पर नवीन शिक्षा सत्र 2026-27 के सफल संचालन, शाला खुलने की पूर्व तैयारियों, प्रवेश उत्सव के प्रभावी आयोजन तथा विद्यार्थियों में आधारभूत अधिगम दक्षताओं के विकास को लेकर विकासखंड शिक्षा कार्यालय रायगढ़ द्वारा प्राथमिक एवं माध्यमिक शालाओं के प्रधान पाठकों की दो दिवसीय बैठक का आयोजन 11 एवं 12 जून को साधुराम विद्या मंदिर, जोरापाली में किया गया।
बैठक में विकासखंड की सभी प्राथमिक एवं माध्यमिक शालाओं के प्रधान पाठकों ने भाग लेते हुए आगामी शिक्षा सत्र की तैयारियों एवं विभागीय प्राथमिकताओं पर विस्तार से चर्चा की।
कार्यक्रम का शुभारंभ मां सरस्वती के छायाचित्र के समक्ष दीप प्रज्ज्वलन एवं सरस्वती वंदना के साथ हुआ। बैठक में विद्यालयों के सुचारू संचालन के लिए आवश्यक तैयारियों की विस्तृत समीक्षा की गई। अधिकारियों ने विद्यालय भवनों की मरम्मत, शौचालयों की स्वच्छता एवं कार्यशीलता, पेयजल उपलब्धता, किचन शेड की स्थिति, विद्युत व्यवस्था, विद्यालय परिसर की साफ-सफाई, वृक्षारोपण, पाठ्यपुस्तक वितरण, विद्यार्थियों के बैठने की व्यवस्था, खेल सामग्री की उपलब्धता तथा शिक्षण-अधिगम सामग्री (टीएलएम) की तैयारी जैसे महत्वपूर्ण विषयों पर आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।
बैठक में प्रवेश उत्सव को जनभागीदारी का अभियान बनाने पर विशेष जोर दिया गया। अधिकारियों ने निर्देश दिए कि नवप्रवेशी विद्यार्थियों का विद्यालयों में उत्साहपूर्ण स्वागत किया जाए तथा पालकों, जनप्रतिनिधियों, विद्यालय प्रबंधन समितियों और समुदाय की सक्रिय सहभागिता सुनिश्चित की जाए। साथ ही “न्योता भोज” कार्यक्रम के माध्यम से समुदाय और विद्यालय के बीच मजबूत संबंध स्थापित करने तथा बच्चों के प्रति सकारात्मक शैक्षणिक वातावरण तैयार करने पर भी विस्तार से चर्चा की गई।
राष्ट्रीय शिक्षा नीति 2020 के अनुरूप एफएलएन (फाउंडेशनल लिटरेसी एंड न्यूमेरेसी) के लक्ष्यों की प्राप्ति के लिए विशेष कार्ययोजना प्रस्तुत की गई। अधिकारियों ने बताया कि कक्षा पहली से पांचवीं तक के विद्यार्थियों में भाषा, पठन, लेखन एवं गणितीय दक्षताओं का विकास विभाग की सर्वोच्च प्राथमिकताओं में शामिल है।
28 views | Raigarh, Chhattisgarh | Jun 14, 2026