श्री कपाल मोचन मेले में स्वयं सहायता समूह की महिलाओं के उत्पाद बने आकर्षण, स्वदेशी स्टॉल से मिल रहा स्वरोजगार को बढ़ावा
जंगली मधुमक्खियों से तैयार शहद 500 रुपये प्रति किलो बिक रहा, मेले से महिलाओं को मिल रहा अच्छा कारोबार व प्रोत्साहन
व्यासपुर/यमुनानगर, 24 नवंबर- मेला श्री कपाल मोचन-श्री आदि बद्री में आयोजित प्रदर्शनी के साथ लगे स्वदेशी मेले में स्वयं सहायता समूहों द्वारा लगाए गए स्टॉल ग्रामीण महिलाओं के आत्मनिर्भर बनने की प्रेरणादायक कहानी बयां कर रहे हैं।
मेले में जिला अंबाला के गांव हरडा परी स्वयं सहायता समूह की महिलाओं द्वारा लगाए गए स्टॉल पर शहद, फूलों से तैयार शहद, हनी च्यवनप्राश तथा ड्राई फ्रूट हनी सहित विभिन्न उत्पाद उपलब्ध करवाए जा रहे हैं। इन उत्पादों को महिलाओं द्वारा तैयार किया जा रहा है, जिससे उन्हें स्वरोजगार के साथ अपनी आमदनी बढ़ाने का अवसर मिल रहा है। परी स्वयं सहायता समूह की प्रधान परवित्रा रानी ने बताया कि उनके समूह में कुल 11 महिलाएं शामिल हैं, जो मिलकर विभिन्न उत्पाद तैयार करने और उनकी बिक्री का कार्य करती हैं। समूह द्वारा प्राकृतिक रूप से प्राप्त शहद तथा शहद से तैयार अन्य उत्पादों को लोगों तक पहुंचाया जा रहा है। स्टॉल पर जंगली मधुमक्खियों से तैयार शहद विशेष आकर्षण बना हुआ है, जिसे 500 रुपये प्रति किलो की दर से बेचा जा रहा है। इसके अलावा शहद में ड्राई फ्रूट्स मिलाकर तैयार किए गए उत्पाद तथा हनी च्यवनप्राश भी ग्राहकों को पसंद आ रहे हैं।
स्वयं सहायता समूह की महिलाओं ने बताया कि इस प्रकार के मेले उनके लिए काफी लाभकारी साबित हो रहे हैं। एक ओर उन्हें अपनी मेहनत से तैयार उत्पादों की बिक्री का अवसर मिलता है, वहीं दूसरी ओर उन्हें अपने काम को आगे बढ़ाने, आत्मविश्वास बढ़ाने और आर्थिक रूप से मजबूत बनने की प्रेरणा मिलती है। उन्होंने कहा कि स्वदेशी मेले एवं श्री कपाल मोचन मेला जैसे आयोजन महिला स्वयं सहायता समूहों को मंच प्रदान करते हैं और महिलाओं को स्वरोजगार के माध्यम से आत्मनिर्भर बनाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं।
Jagadhri, Yamuna Nagar | Nov 24, 2026