काली माता रपटा पर सड़क पार करता दिखा विशाल अजगर, राहगीरों ने बनाया वीडियो
रात 10 बजे सिरसौद-पिछोर मार्ग पर अचानक नजर आया अजगर, राहगीरों को सावधानी से वाहन चलाने की दी सलाह
सिरसौद। शिवपुरी जिले के अमोला थाना क्षेत्र में सोमवार की रात सिरसौद-पिछोर सड़क मार्ग पर उस समय राहगीरों के बीच कौतूहल की स्थिति बन गई, जब काली माता रपटा के पास सड़क पर एक विशाल अजगर सांप दिखाई दिया। अजगर सड़क के एक किनारे से दूसरे किनारे की ओर जा रहा था। इसी दौरान वहां से गुजर रहे युवकों ने उसका वीडियो बना लिया, जो अब सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है। जानकारी के अनुसार अमित गुप्ता और हर्षित गुप्ता सोमवार की रात करीब 10 बजे अपने दोस्तों के साथ होटल पर खाना खाने के बाद सिरसौद-पिछोर सड़क मार्ग से अपने गांव की ओर लौट रहे थे। जैसे ही वे काली माता रपटा के पास पहुंचे, उनकी नजर सड़क पर जा रहे एक बड़े अजगर पर पड़ी। अजगर धीरे-धीरे सड़क पार कर रहा था। अचानक सामने आए अजगर को देखकर युवकों ने वाहन रोककर कुछ दूरी से उसका वीडियो बना लिया। अमित गुप्ता ने अजगर का वीडियो सोशल मीडिया पर पोस्ट करते हुए लोगों से अपील की कि रात के समय इस मार्ग से गुजरते समय विशेष सावधानी बरतें। खासकर काली माता रपटा और आसपास के क्षेत्र में वाहन चलाते समय सड़क पर नजर बनाए रखें, क्योंकि बरसात के मौसम में सांप और अन्य जीव-जंतु अपने सुरक्षित ठिकाने की तलाश में अक्सर बाहर निकल आते हैं।ग्रामीणों के अनुसार बरसात के दिनों में खेतों, झाड़ियों और नदी-नालों के आसपास सांपों की गतिविधियां बढ़ जाती हैं। लगातार बारिश और पानी भरने के कारण सांप अपने ठिकानों से निकलकर सूखी और सुरक्षित जगह की तलाश में इधर-उधर जाते हैं। ऐसे में रात के समय सड़क पार करते हुए सांप दिखाई देना असामान्य नहीं है। ग्रामीणों ने वाहन चालकों से अपील की है कि रात के समय सिरसौद-पिछोर मार्ग पर विशेष सावधानी बरतें। सड़क पर कोई सांप या अन्य वन्यजीव दिखाई देने पर उसके पास जाने या उसे छेड़ने के बजाय सुरक्षित दूरी बनाए रखें, ताकि किसी तरह की अप्रिय घटना न हो।