प्रभारी मंत्री की अध्यक्षता में जिला कार्यक्रम कार्यान्वयन समिति की बैठक का आयोजन हुआ
=================
त्वरित विकास हेतु जन-प्रतिनिधियों एवं अधिकारियों के बीच सार्थक संवाद तथा सुदृढ़ समन्वय की आवश्यकता पर माननीय प्रभारी मंत्री ने दिया बल
=================
=================
राजस्व एवं भूमि सुधार विभाग, बिहार सरकार -सह-प्रभारी मंत्री, मुजफ्फरपुर जिला डाॅ. दिलीप कुमार जायसवाल ने योजनाओं के सफल क्रियान्वयन हेतु माननीय जन-प्रतिनिधियों एवं अधिकारियों के बीच सुदृढ़ समन्वय तथा सार्थक संवाद की आवश्यकता पर बल दिया है। वे आज मुजफ्फरपुर समाहरणालय स्थित सभाकक्ष में जिला कार्यक्रम कार्यान्वयन समिति की बैठक में अध्यक्षीय संबोधन कर रहे थे। माननीय प्रभारी मंत्री ने कहा कि हम सभी का एक ही उद्देश्य है कि जन समस्याओं का विधिवत एवं त्वरित निदान हो तथा विकास की धारा समाज के अंतिम व्यक्ति तक पहुँचे। मुजफ्फरपुर का हर शहर एवं हर गाँव सुन्दर बने। इसके लिए हम सभी को सजग, तत्पर एवं प्रतिबद्ध रहना होगा।
प्रभारी मंत्री ने हर्ष व्यक्त करते हुए कहा कि सरकार के उद्देश्यों एवं आम जनता की आकांक्षाओं के अनुरूप मुजफ्फरपुर जिला के हर क्षेत्र का विकास हो रहा है। जिला कार्यक्रम कार्यान्वयन समिति की बैठक के प्रयोजन पर प्रकाश डालते हुए उन्होंने कहा कि इसका जनहित के लिए काफी महत्व है। जन-प्रतिनिधियों एवं पदाधिकारियों के लिए आपसी विचार-विमर्श एवं जन-समस्याओं के समाधान हेतु जिला कार्यक्रम कार्यान्वयन समिति एक महत्वपूर्ण प्लेटफॉर्म है। इससे प्रशासन व जन-प्रतिनिधियों में समन्वय स्थापित करने में सहायता प्राप्त होती है तथा विकास की प्रक्रिया को अपेक्षित गति मिलती है। उन्होंने कहा कि आपसी समन्वय विकास की प्रक्रिया में उत्प्रेरक की भूमिका निभाता है। हम सबको मिल-जुल कर समस्याओं का समाधान खोजना चाहिए।