भुंतर में ज्वैलर्स की दुकान पर चोरों का धावा, लाखों के सोने-चांदी के आभूषण लेकर फरार
दीपावली की रात वारदात को दिया अंजाम, डेढ़ किलो चांदी, 15 ग्राम सोना और नकदी पर किया हाथ साफ
कुल्लू। जिला कुल्लू के भुंतर में चोरों ने दीपावली की रात एक ज्वैलर्स की दुकान को निशाना बनाते हुए लाखों रुपये के सोने-चांदी के आभूषणों पर हाथ साफ कर दिया। चोर दुकान से करीब डेढ़ किलो चांदी, 15 ग्राम सोने के आभूषण और नकदी लेकर फरार हो गए। चोरी की इस वारदात के बाद क्षेत्र में हड़कंप मच गया है।
जानकारी के अनुसार चोरों ने दीपावली की रात दुकान में चोरी की वारदात को अंजाम दिया। घटना का पता चलने पर इसकी सूचना पुलिस को दी गई। सूचना मिलते ही पुलिस टीम मौके पर पहुंची और घटनास्थल का जायजा लेकर जांच शुरू कर दी।
पुलिस ने चोरों की पहचान करने के लिए आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगालनी शुरू कर दी है। साथ ही चोरी की वारदात से जुड़े अन्य साक्ष्य भी जुटाए जा रहे हैं। पुलिस चोरों का सुराग लगाने में जुटी हुई है।
Kullu, Kullu | Nov 10, 2026