जाम और अतिक्रमण के खिलाफ चला संयुक्त अभियान, कई वाहनों के काटे चालान
शाहजहांपुर। शहर की यातायात व्यवस्था को सुचारु बनाने और अतिक्रमण की समस्या दूर करने के लिए शुक्रवार को यातायात पुलिस एवं नगर निगम प्रवर्तन दस्ते ने संयुक्त अभियान चलाया। अभियान के तहत अंजान चौकी से मालखाना, कच्चा कटरा होते हुए कन्नौजिया तिराहा तक सड़क किनारे किए गए अतिक्रमण को हटाया गया। अस्पतालों और दुकानों के बाहर सड़क तक फैला सामान हटवाकर मार्ग को अवरोधमुक्त कराया गया।इस दौरान नो-पार्किंग क्षेत्रों तथा मुख्य मार्गों पर बेतरतीब ढंग से खड़े वाहनों के खिलाफ मोटर वाहन अधिनियम के तहत चालान की कार्रवाई भी की गई। अधिकारियों ने दुकानदारों को दोबारा अतिक्रमण न करने की चेतावनी देते हुए सड़क पर सामान न रखने के निर्देश दिए। यातायात पुलिस ने वाहन चालकों से निर्धारित पार्किंग स्थलों का उपयोग करने की अपील की। प्रशासन ने स्पष्ट किया कि शहर को जाममुक्त बनाने के लिए अभियान आगे भी जारी रहेगा।