वीरगंज में मनाया गया 71वां नेपाल प्रहरी दिवस, अमर प्रहरी को दी गई श्रद्धांजलि
वीरगंज, नेपाल। नेपाल में 71वें नेपाल प्रहरी दिवस के अवसर पर वीरगंज में एक भव्य समारोह का आयोजन किया गया। “विपदा में साथी, संकट में आश्रय, प्रविधियुक्त नेपाल प्रहरी” के नारे के साथ नेपाल प्रहरी प्रदेश कार्यालय एवं पर्सा जिला प्रहरी कार्यालय के संयुक्त आयोजन में कार्यक्रम संपन्न हुआ।
समारोह के मुख्य अतिथि पर्सा जिले के प्रमुख जिला अधिकारी भोला दहाल ने अमर प्रहरी के प्रति सम्मान व्यक्त करते हुए मौन प्रार्थना की तथा पुष्पगुच्छ अर्पित कर श्रद्धांजलि दी।
कार्यक्रम में नेपाल प्रहरी प्रदेश प्रमुख वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक कृष्ण बहादुर पल्ली मगर और पर्सा जिला प्रहरी प्रमुख पुलिस अधीक्षक पवन कुमार भट्टराई सहित अन्य गणमान्य लोग उपस्थित रहे। इस अवसर पर अमर प्रहरी के परिजनों, जिले के वरिष्ठ पूर्व पुलिसकर्मियों तथा समय-समय पर पुलिस को सहयोग प्रदान करने वाले विभिन्न महिला-पुरुषों और संघ-संस्थाओं के प्रतिनिधियों को दोशाला ओढ़ाकर, सम्मान-पत्र एवं पुरस्कार प्रदान कर सम्मानित किया गया।
समारोह की सफलता में योगदान देने वाले सभी प्रतिभागियों के प्रति प्रदेश प्रहरी प्रमुख कृष्ण बहादुर पल्ली मगर ने आभार व्यक्त किया। कार्यक्रम का संचालन प्रहरी निरीक्षक सोनी न्हेंहाफुकी ने किया।
समारोह में उद्योग एवं व्यवसाय जगत से जुड़े लोगों, चिकित्सकों, समाजसेवियों, संचारकर्मियों तथा समाज के विभिन्न क्षेत्रों के प्रतिनिधियों की गरिमामयी उपस्थिति रही। कार्यक्रम के माध्यम से नेपाल प्रहरी के योगदान, कर्तव्यनिष्ठा और जनसेवा के प्रति समर्पण को याद किया गया।
#नेपालप्रहरीदिवस #वीरगंज #पर्सा #नेपालप्रहरी #नेपालसमाचार #पुलिसदिवस #श्रद्धांजलि #जनसेवा