सिमडेगा: राष्ट्रीय स्तर पर हॉकी में जिले का नाम रोशन करने वाली सीएम स्कूल ऑफ एक्सीलेंस गर्ल्स, सिमडेगा की विजेता छात्राओं का गृह जिले पहुंचने पर भव्य स्वागत किया गया। दिल्ली में 8 से 19 अक्टूबर 2026 तक आयोजित 32वीं राष्ट्रीय नेहरू हॉकी कप प्रतियोगिता में सिमडेगा की बालिका टीम ने शानदार प्रदर्शन करते हुए फाइनल मुकाबले में हरियाणा की एनसीसी सोनीपत हाई स्कूल टीम को 2-1 से पराजित कर खिताब अपने नाम किया। तीन वर्षों के अंतराल के बाद टीम ने यह गौरवपूर्ण उपलब्धि हासिल की है।सुश्री पुष्पा मांझी की कप्तानी में खिलाड़ियों ने पूरे टूर्नामेंट के दौरान उत्कृष्ट खेल भावना, अनुशासन और सामूहिक प्रयास का परिचय दिया। टीम के सिमडेगा पहुंचने पर झूलन सिंह चौक में शिक्षा विभाग एवं विद्यालय परिवार की ओर से जोरदार स्वागत किया गया। केजीबीवी और सीएम स्कूल ऑफ एक्सीलेंस के आवासीय विद्यालय की बैंड पार्टी तथा डीजे की धुनों के बीच खिलाड़ियों का अभिनंदन किया गया।