*राजकीय कन्या महाविद्यालय में गरबा थीम के माध्यम से मतदाता जागरूकता का संदेश*
*सवाई माधोपुर, 16 अक्टूबर।* पंचायती राज संस्थाओं के आम चुनाव-2026 के मद्देनजर जिले में मतदाता जागरूकता को बढ़ावा देने के लिए जिला निर्वाचन अधिकारी काना राम एवं मुख्य कार्यकारी अधिकारी मोहित कासनिया के मार्गदर्शन में स्वीप प्रकोष्ठ द्वारा विभिन्न जागरूकता गतिविधियों का आयोजन किया जा रहा है। इसी क्रम में राजकीय कन्या महाविद्यालय, सवाई माधोपुर में मतदाता जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किया गया, जिसमें छात्राओं ने गरबा थीम पर मनमोहक प्रस्तुतियों के माध्यम से मतदान का संदेश दिया।
कार्यक्रम में महाविद्यालय की छात्राओं ने उत्साहपूर्वक भाग लेते हुए गरबा नृत्य के माध्यम से लोकतंत्र में मताधिकार के महत्व, मतदान के प्रति जिम्मेदारी तथा अधिकाधिक मतदाता सहभागिता का संदेश दिया। सांस्कृतिक प्रस्तुतियों के माध्यम से छात्राओं ने आमजन को मतदान के प्रति जागरूक होने और लोकतांत्रिक प्रक्रिया में सक्रिय भागीदारी निभाने के लिए प्रेरित किया।
जिला स्वीप समन्वयक संतोष कुमार शर्मा ने बताया कि पंचायती राज आम चुनाव-2026 के अंतर्गत जिलेभर में मतदाताओं को जागरूक करने के लिए विभिन्न स्तरों पर विविध गतिविधियाँ आयोजित की जा रही हैं। इन कार्यक्रमों का उद्देश्य मतदाताओं को अपने मताधिकार के प्रति जागरूक करना तथा स्वतंत्र, निष्पक्ष एवं निर्भीक मतदान के लिए प्रेरित करना है।
इस अवसर पर शहीद कैप्टन रिपुदमन सिंह राजकीय महाविद्यालय के प्रोफेसर हरिचरण मीणा ने इलेक्टोरल लिटरेसी क्लब के महत्व पर प्रकाश डालते हुए नवमतदाताओं को मतदाता सूची में नाम जुड़वाने की प्रक्रिया की जानकारी दी। उन्होंने बताया कि जिन पात्र नागरिकों के नाम अभी तक मतदाता सूची में शामिल नहीं हैं, वे निर्धारित प्रक्रिया के तहत फॉर्म-6 भरकर अपना नाम जुड़वाने के लिए आवेदन कर सकते हैं। इसके लिए भारत निर्वाचन आयोग की आधिकारिक वेबसाइट एवं उपलब्ध ऑनलाइन सुविधाओं का उपयोग किया जा सकता है।
महाविद्यालय की ईएलसी प्रभारी डॉ. सदब सिद्दीकी ने क्लब द्वारा अब तक आयोजित गतिविधियों एवं मतदाता जागरूकता के लिए किए जा रहे प्रयासों की जानकारी साझा की। उन्होंने विद्यार्थियों से लोकतांत्रिक मूल्यों को आत्मसात करने तथा अपने परिवार और समाज में मतदान के प्रति जागरूकता फैलाने का आह्वान किया।
कार्यक्रम के समापन पर उपस्थित छात्राओं एवं अधिकारियों को निर्भीक होकर, बिना किसी दबाव या प्रलोभन के स्वतंत्र एवं निष्पक्ष मतदान करने की शपथ दिलाई गई।