बाल श्रमिक को कराया गया विमुक्त,विभिन्न चौक-चौराहों, दुकानों एवं होटल प्रतिष्ठानों की जांच,
शिवहर, 8 सितंबर। बाल श्रम उन्मूलन को लेकर श्रम विभाग की ओर से मंगलवार को डुमरी कटसरी प्रखंड क्षेत्र में सघन जांच एवं जागरूकता अभियान चलाया गया। इस दौरान विभिन्न चौक-चौराहों, दुकानों एवं होटल प्रतिष्ठानों की जांच करते हुए धावा दल ने एक बाल श्रमिक बच्चे को विमुक्त कराया।
श्रम अधीक्षक विजय कुमार ठाकुर के निर्देश पर चलाए गए अभियान के दौरान बाल श्रम मुक्त पंचायत बनाने को लेकर दुकानदारों एवं आम लोगों को जागरूक भी किया गया। जांच के क्रम में बाल श्रमिक मिलने पर धावा दल ने तत्काल उसे मुक्त कराया।
श्रम प्रवर्तन पदाधिकारी ने बताया कि बाल श्रमिक को नियोजित करने वाले नियोजक के विरुद्ध बाल एवं किशोर श्रम (प्रतिषेध एवं विनियमन) अधिनियम के तहत शिवहर थाना में प्राथमिकी दर्ज कराई गई है। मुक्त कराए गए बच्चे को बाल कल्याण समिति के समक्ष प्रस्तुत करने के बाद बाल गृह में आवासित कराने की प्रक्रिया पूरी की गई। साथ ही बच्चे एवं उसके परिवार को सरकार की विभिन्न कल्याणकारी योजनाओं से जोड़कर पुनर्वासित करने की कार्रवाई की जाएगी।
अभियान में श्रम प्रवर्तन पदाधिकारी सुरेश कुमार, श्रम प्रवर्तन पदाधिकारी चंद्रनाथ राम, बिहार ग्राम विकास परिषद संगठन के जिला समन्वयक अनिल कुमार, अतिथि कोमल कुमारी सहित डुमरी कटसरी थाना के पुलिस बल मौजूद रहे। श्रम विभाग ने कहा कि बाल श्रम के खिलाफ अभियान आगे भी लगातार जारी रहेगा।