नानकमत्ता में ऑपरेशन सफाया से अपराधियों में हड़कंप!
10 घंटे में ताबड़तोड़ कार्रवाई, 10 तमंचे, 13 जिंदा कारतूस और 350 लीटर से अधिक कच्ची शराब बरामद
12 लाख रुपये नकद और 7 QR स्कैनर मिलने से साइबर अपराध का शक, पुलिस कर रही पूछताछ
नानकमत्ता/ऊधम सिंह नगर।
ऊधम सिंह नगर जिले के नानकमत्ता में 17 अक्टूबर को गोलीकांड में हुई हत्या की वारदात के बाद पुलिस ने अपराधियों के खिलाफ अभियान तेज कर दिया है। एसएसपी अजय गणपति के निर्देशन में चलाए गए ऑपरेशन सफाया के तहत पुलिस ने महज 10 घंटे में ताबड़तोड़ कार्रवाई करते हुए कई आरोपियों को गिरफ्तार किया। इस कार्रवाई से क्षेत्र में अपराधियों के बीच हड़कंप मच गया।
एसपी सिटी रुद्रपुर प्रमोद कुमार के नेतृत्व में गठित 10 पुलिस टीमों ने नानकमत्ता क्षेत्र के विभिन्न स्थानों पर छापेमारी की। इस दौरान पुलिस ने 10 आरोपियों को गिरफ्तार कर उनके कब्जे से 10 अवैध तमंचे, 13 जिंदा कारतूस और तीन खोखा कारतूस बरामद किए।
अवैध शराब के खिलाफ भी बड़ी कार्रवाई
पुलिस ने अवैध कच्ची शराब के कारोबार पर शिकंजा कसते हुए चार आरोपियों को गिरफ्तार किया। उनके कब्जे से 350 लीटर से अधिक कच्ची शराब बरामद की गई। इसके साथ ही अवैध शराब बनाने वाली चार भट्टियों को ध्वस्त कर लगभग 10 हजार लीटर लाहन नष्ट किया गया।
अभियान के दौरान पुलिस ने दो वारंटियों को भी गिरफ्तार किया, जबकि 14 संदिग्ध व्यक्तियों को भारतीय नागरिक सुरक्षा संहिता (BNSS) की धारा 172 के तहत हिरासत में लिया गया।
12 लाख रुपये नकद और 7 QR स्कैनर मिलने से बढ़ा शक
ऑपरेशन सफाया के दौरान एक अन्य मामले में पुलिस को करीब 12 लाख रुपये नकद और सात QR कोड स्कैनर मिले। इनकी बरामदगी के बाद साइबर अपराध से जुड़े होने की आशंका जताई जा रही है। पुलिस मामले की विभिन्न पहलुओं से जांच कर रही है और संबंधित व्यक्ति से पूछताछ जारी है। हालांकि, साइबर अपराध से संबंध की पुष्टि जांच के बाद ही हो सकेगी।
अभियान में स्वयं मौजूद रहे एसएसपी
खास बात यह रही कि ऑपरेशन के दौरान एसएसपी अजय गणपति स्वयं मौके पर मौजूद रहे। पुलिस अधिकारियों ने स्पष्ट किया कि जिले में अपराधियों के खिलाफ अभियान आगे भी जारी रहेगा। अवैध हथियारों, नशा तस्करी, कच्ची शराब के कारोबार और साइबर अपराध में संलिप्त लोगों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी।
ऑपरेशन सफाया के जरिए ऊधम सिंह नगर पुलिस ने स्पष्ट संदेश दिया है कि जिले में अपराध और अपराधियों के खिलाफ कार्रवाई लगातार जारी रहेगी।
— अजय गणपति, एसएसपी ऊधम सिंह नगर