रक्षाबंधन पर ब्रह्मकुमारी आश्रम पहुँचे विशेष बच्चे, दीदियों के साथ मनाया खुशियों भरा पर्व
पहचान स्पेशल स्कूल के विशेष बच्चों ने आज ब्रह्मकुमारी आश्रम पहुँचकर रक्षाबंधन का पर्व बड़े उत्साह और खुशी के साथ मनाया। लगभग एक वर्ष बाद बच्चे पुनः ब्रह्मकुमारी आश्रम पहुँचे, जहाँ ज्योति दीदी एवं सारिका दीदी ने बच्चों की कलाई पर राखी बाँधी और उन्हें स्नेह व आशीर्वाद दिया।
बच्चों के लंबे समय बाद आश्रम आने की खुशी में उनके साथ केक भी कटवाया गया। बच्चों ने आश्रम में भजन सुनाए और आनंदपूर्वक अपनी प्रस्तुतियाँ दीं। इस अवसर पर विशेष बच्चों ने भी सभी दीदियों को राखी बाँधकर भाई-बहन के प्रेम, सम्मान और अपनत्व का संदेश दिया।
बच्चों ने आश्रम में खूब मस्ती की और पूरे वातावरण को अपनी मुस्कान व खुशियों से भर दिया। यह अवसर बच्चों के लिए प्रेम, अपनापन और आध्यात्मिक जुड़ाव से भरा एक यादगार अनुभव रहा।
पहचान स्पेशल स्कूल की अध्यक्षा चेतना शर्मा ने कहा कि
“इस कार्यक्रम का मुख्य उद्देश्य विशेष बच्चों में भाई-बहन के प्रेम, आपसी सहयोग, सामाजिक जुड़ाव एवं अपनत्व की भावना को बढ़ावा देना था। साथ ही, बच्चों को आध्यात्मिक एवं सकारात्मक वातावरण से जोड़ते हुए उन्हें खुशी, सम्मान और समानता का अनुभव करवाना भी रहा।”