*सेवा संकल्प अभियान के तहत स्वास्थ्य जांच शिविर आयोजित*
इंदौर, 7 अक्टूबर 2026
शासकीय महाविद्यालय खजराना, इंदौर में महाविद्यालय की प्राचार्या डॉ. अर्चना शर्मा के मार्गदर्शन में रेड रिबन क्लब के तत्वावधान में ‘सेवा संकल्प अभियान’ के अंतर्गत एक दिवसीय स्वास्थ्य जांच शिविर का आयोजन किया गया। शिविर में मेदांता फाउंडेशन, इंदौर की विशेषज्ञ टीम द्वारा लगभग 98 छात्र-छात्राओं एवं महाविद्यालयीन स्टाफ का निःशुल्क स्वास्थ्य परीक्षण किया गया।
शिविर के दौरान प्रतिभागियों की ब्लड प्रेशर, वजन, ब्लड शुगर, हीमोग्लोबिन एवं ईसीजी सहित विभिन्न स्वास्थ्य जांचें की गईं। जांच के उपरांत आवश्यकता अनुसार स्वास्थ्य संबंधी परामर्श भी प्रदान किया गया।
कार्यक्रम में मेदांता फाउंडेशन, इंदौर के सीएसआर मैनेजर श्री अनिल शर्मा एवं डायटिशियन डॉ. कन्हैया चौरसिया विशेष रूप से उपस्थित रहे। श्री अनिल शर्मा ने विद्यार्थियों को स्वास्थ्य के प्रति जागरूक रहने तथा नियमित स्वास्थ्य परीक्षण कराने के महत्व की जानकारी दी। वहीं डॉ. कन्हैया चौरसिया ने संतुलित एवं पौष्टिक आहार, उचित डाइट लेने की विधि तथा स्वस्थ जीवनशैली के संबंध में विद्यार्थियों को उपयोगी जानकारी प्रदान की।
महाविद्यालय की प्राचार्या डॉ. अर्चना शर्मा ने विद्यार्थियों को स्वास्थ्य के प्रति सजग रहने, समय-समय पर स्वास्थ्य परीक्षण कराने तथा स्वस्थ जीवनशैली अपनाने के लिए प्रेरित किया। उन्होंने कहा कि नियमित स्वास्थ्य जांच से स्वास्थ्य संबंधी समस्याओं की समय रहते पहचान कर उचित उपचार एवं आवश्यक सावधानियां अपनाई जा सकती हैं।
कार्यक्रम का संचालन एवं समन्वय रेड रिबन कार्यक्रम अधिकारी डॉ. मनस्विनी मुकुल द्वारा किया गया। शिविर का मुख्य उद्देश्य विद्यार्थियों एवं महाविद्यालयीन स्टाफ में स्वास्थ्य जागरूकता बढ़ाने के साथ उन्हें समय रहते स्वास्थ्य जांच एवं आवश्यक चिकित्सकीय परामर्श उपलब्ध कराना रहा। शिविर में विद्यार्थियों एवं स्टाफ ने उत्साहपूर्वक सहभागिता की।
#JansamparkMP #indore #इंदौर #सेवा_संकल्प_अभियान #HealthCamp