मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने प्रदेश के 33 लाख से अधिक सामाजिक सुरक्षा पेंशन हितग्राहियों के खातों में अंतरित किए 203.56 करोड़ रुपये
छिंदवाड़ा जिले के 1.44 लाख से अधिक हितग्राहियों को मिली 17.33 करोड़ रुपये की पेंशन राशि
वेबकास्टिंग के माध्यम से कलेक्टर कार्यालय में किया गया राज्य स्तरीय कार्यक्रम का सीधा प्रसारण
============================================================
मध्यप्रदेश शासन के सामाजिक न्याय एवं दिव्यांगजन सशक्तिकरण विभाग के माध्यम से समाज के निर्धन एवं निराश्रित वर्गों जैसे वृद्धजन, कल्याणी, परित्यक्ता, अविवाहित एवं दिव्यांगजनों के लिए विभिन्न पेंशन योजनाएं संचालित की जा रही हैं। इन योजनाओं के अंतर्गत प्रत्येक हितग्राही को प्रतिमाह 600 रुपये की आर्थिक सहायता प्रदान की जाती है।
इसी क्रम में गुरुवार को मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने मंत्रालय प्रतिकक्ष से राज्य शासन की पेंशन योजनाओं के 33 लाख से अधिक हितग्राहियों को मई माह पेड-इन जून 2026 की कुल 203.56 करोड़ रुपये की राशि सिंगल क्लिक के माध्यम से अंतरित की। कार्यक्रम का सीधा प्रसारण वेबकास्टिंग के माध्यम से कलेक्टर कार्यालय छिंदवाड़ा के सभाकक्ष में जनप्रतिनिधियों, अधिकारियों और हितग्राहियों द्वारा देखा एवं सुना गया।
इस अवसर पर छिंदवाड़ा सांसद श्री विवेक बंटी साहू, अमरवाड़ा विधायक श्री कमलेश प्रताप शाह, श्री शेषराव यादव, श्री टीकाराम चन्द्रवंशी सहित अन्य जनप्रतिनिधि उपस्थित थे। साथ ही कलेक्टर श्री हरेंद्र नारायन, मुख्य कार्यपालन अधिकारी जिला पंचायत श्री अग्रिम कुमार, वनमंडलाधिकारी श्री साहिल गर्ग, अपर कलेक्टर श्री धीरेन्द्र सिंह, प्रभारी उप संचालक सामाजिक न्याय डिप्टी कलेक्टर श्री पुष्पेंद्र निगम सहित विभिन्न विभागों के जिला अधिकारी भी मौजूद थे।
छिंदवाड़ा जिले के 1.44 लाख से अधिक हितग्राहियों को मिला लाभ- इस अवसर पर पेंशन योजनाओं के अंतर्गत छिंदवाड़ा जिले के 1 लाख 44 हजार 565 हितग्राहियों को कुल 17.33 करोड़ रुपये की राशि सिंगल क्लिक के माध्यम से प्रदान की गई। शासन द्वारा संचालित ये योजनाओं समाज के जरूरतमंद एवं कमजोर वर्गों को आर्थिक संबल प्रदान कर रही हैं।