कुठाह में 50 किसानों ने सीखी उन्नत बीज उत्पादन तकनीक
प्राकृतिक खेती के तहत सब्जी उत्पादन बढ़ाने पर जोर, किसानों को वितरित किए विभिन्न सब्जियों के बीज
सुरेंद्र ठाकुर
पांगी, 11 सितंबर 2026
जनजातीय क्षेत्र पांगी के कुठाह में प्राकृतिक खेती के तहत सब्जी फसलों की उत्पादकता बढ़ाने और गुणवत्तापूर्ण बीज उत्पादन को लेकर एक दिवसीय प्रशिक्षण शिविर आयोजित किया गया। शिविर में क्षेत्र के करीब 50 किसानों ने भाग लिया और उन्नत बीज उत्पादन एवं संरक्षण की आधुनिक तकनीकों की जानकारी हासिल की।
विषय विशेषज्ञ (बागवानी) पांगी डॉ. रमल अंगारिया ने बताया कि प्रशिक्षण शिविर का आयोजन बीज विज्ञान एवं प्रौद्योगिकी विभाग, डॉ. यशवंत सिंह परमार औद्यानिकी एवं वानिकी विश्वविद्यालय, नौणी, सोलन द्वारा उद्यान विभाग के सहयोग से किया गया। कार्यक्रम का वित्तीय प्रायोजन जनजातीय विकास विभाग की ओर से किया गया।
प्रशिक्षण का मुख्य विषय “जनजातीय क्षेत्रों में प्राकृतिक खेती के अंतर्गत सब्जी फसलों की उत्पादकता बढ़ाने हेतु उन्नत बीज उत्पादन प्रौद्योगिकी” रहा। विशेषज्ञों ने किसानों को बीज के चयन, उत्पादन, संरक्षण और गुणवत्तापूर्ण बीज तैयार करने की आधुनिक तकनीकों के बारे में विस्तार से जानकारी दी।
विशेषज्ञों ने स्थानीय परिस्थितियों को ध्यान में रखते हुए प्राकृतिक खेती के माध्यम से सब्जी उत्पादन को बढ़ावा देने पर जोर दिया। किसानों को विभिन्न सब्जी फसलों के बीज भी वितरित किए गए, ताकि वे प्रशिक्षण के दौरान प्राप्त तकनीकी जानकारी को अपने खेतों में अपनाकर उत्पादन और गुणवत्ता में सुधार ला सकें।
प्रशिक्षण प्रदान करने वालों में प्रमुख वैज्ञानिक डॉ. नरेन्द्र कुमार भरत, सहायक प्राध्यापक डॉ. रोहित वर्मा, परियोजना सहायक डॉ. अनुभव ठाकुर तथा वरिष्ठ तकनीशियन रूप सिंह शामिल रहे। इस अवसर पर उद्यान विकास अधिकारी डॉ. सुरेश ठाकुर भी उपस्थित रहे।
विशेषज्ञों ने कहा कि स्थानीय संसाधनों पर आधारित प्राकृतिक खेती और गुणवत्तापूर्ण बीज उत्पादन को बढ़ावा देकर पांगी जैसे दुर्गम जनजातीय क्षेत्रों में किसानों की उत्पादकता और आय दोनों में वृद्धि की जा सकती है। प्रशिक्षण शिविर को पांगी में प्राकृतिक खेती को मजबूत करने की दिशा में एक महत्वपूर्ण पहल माना जा रहा है।
Pangi Administration हिम संदेश The Voice of Pangwal
#PangiLiveNews #Pangi #NaturalFarming #HimachalPradesh
Chamba, Chamba | Sep 11, 2026